पिता का चरित्र खराब था…, कानपुर कारोबारी हत्याकांड में बेटे का कबूलनामा, जायदाद बंटने का था डर
कानपुर। दवा कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड में पुलिस जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक, कारोबारी के बेटे सुब्रत ने बुधवार देर रात करीब ढाई बजे पूछताछ के दौरान पिता की हत्या कराने की बात स्वीकार की। आरोप है कि सुब्रत ने अपने नौकर विशाल के साथ मिलकर करीब तीन महीने पहले हत्या की साजिश रची थी।
पुलिस के अनुसार, सुब्रत ने विशाल को घर की चाबी उपलब्ध कराई थी और कथित तौर पर पिता की हत्या तकिये से मुंह दबाकर करने के लिए कहा था। जांच में सामने आया कि विशाल ने पहले गुमटी से डुप्लीकेट चाबी बनवाई थी। घटना से पहले सुब्रत ने उसे असली चाबी दे दी, जबकि डुप्लीकेट चाबी अपने पास रख ली थी।
40-50 लाख रुपये के कर्ज का भी जिक्र
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सुब्रत ने बताया कि उस पर करीब 40 से 50 लाख रुपये का कर्ज था और हर महीने लगभग 55 हजार रुपये की किस्त चुकानी पड़ती थी। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने अपने पिता के चरित्र को लेकर भी कुछ आरोप लगाए और संपत्ति के बंटवारे को लेकर आशंका जताई।
जांच के मुताबिक, हत्या के बाद सुब्रत की योजना मामले को कारोबारी के भाई की ओर मोड़ने की थी। हालांकि, पूछताछ और आरोपितों के बयानों के बाद पुलिस की जांच का रुख बदल गया।
शालू को लेकर भी बदला केस का रुख
कस्टडी रिमांड के दौरान शालू ने कथित तौर पर पुलिस से कहा कि “सुब्रत को जाने दीजिए, मुझे जेल भेज दिया जाए।” पुलिस की अब तक की जांच में शालू की हत्या में भूमिका सामने नहीं आई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद शालू को लेकर क्लोजर रिपोर्ट कोर्ट में दाखिल की जा सकती है।
छह सदस्यीय टीम ने तैयार किए थे करीब 200 सवाल
पुलिस ने रिमांड के दौरान पूछताछ के लिए करीब 200 सवालों की विस्तृत सूची तैयार की थी। थाना प्रभारी केशव कुमार तिवारी समेत छह पुलिसकर्मियों की टीम ने आरोपितों से हत्या से पहले के संपर्क, मोबाइल लोकेशन, बातचीत, पैसों के लेनदेन, फ्लैट में आने-जाने और घटना के बाद की गतिविधियों से जुड़े सवाल किए।
विशाल के बयान के बाद बदला पूरा केस
पुलिस के अनुसार, बुधवार को रिमांड के दौरान विशाल के बयान के बाद मामले की दिशा बदल गई। शुरुआती पूछताछ में उसने शालू का नाम लेते हुए हत्या के बदले छह लाख रुपये दिए जाने की बात कही थी। लेकिन रिमांड के दौरान उसके बयान में अलग जानकारी सामने आई और उसने कथित तौर पर सुब्रत की भूमिका की ओर इशारा किया।
इसके बाद पुलिस ने सुब्रत को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि देर रात पूछताछ के दौरान सुब्रत ने पिता की हत्या की साजिश में अपनी भूमिका स्वीकार की।