रबी फसलों के मुफ्त बीज किट अब ई-लाटरी से मिलेंगे, कृषि विभाग ने जारी किए निर्देश
लखनऊ। खरीफ की मुख्य फसल धान की रोपाई के बीच कृषि विभाग ने रबी 2026-27 की तैयारियां शुरू कर दी हैं। किसानों को मुफ्त बीज किट उपलब्ध कराने के लिए अब पहले आओ-पहले पाओ की व्यवस्था के बजाय ई-लाटरी का सहारा लिया जाएगा।
जिला कृषि अधिकारी डॉ. मेनका ने बताया कि रबी 2026-27 में कृषि विभाग की ओर से सभी बीज और मिनीकिट का वितरण विभागीय पोर्टल agriculture.up.gov.in पर ऑनलाइन बुकिंग और ई-लाटरी के माध्यम से किया जाएगा। किसान स्वयं या कृषि विभाग के कार्यालयों के जरिए निशुल्क बुकिंग करा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि गेहूं के बीज के लिए ऑनलाइन बुकिंग की अंतिम तिथि 30 सितंबर, दलहनी और तिलहनी फसलों के लिए 10 सितंबर, जबकि तोरिया के लिए 16 अगस्त निर्धारित की गई है। खाद, बीज या बुकिंग से जुड़ी किसी भी समस्या के समाधान के लिए किसान कृषि विभाग के कंट्रोल रूम हेल्प डेस्क मोबाइल नंबर 9198938099 पर संपर्क कर सकते हैं।
खरीफ फसलों के लिए पर्याप्त खाद उपलब्ध
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि खरीफ फसलों के लिए उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। किसानों को अनुदानित खाद पारदर्शी व्यवस्था के तहत उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि यूरिया, डीएपी, एनपीके और एमओपी की उपलब्धता किसानों की आवश्यकता के अनुरूप है।
अनुदानित उर्वरकों की बिक्री अब किसान पहचान पत्र यानी फार्मर आईडी और खतौनी के आधार पर की जाएगी। किसानों को प्रति हेक्टेयर अधिकतम पांच बोरी डीएपी और सात बोरी यूरिया ही खरीदने की सलाह दी गई है।