इंजीनियर मौत से लेकर वोटर लिस्ट तक योगी सरकार पर बरसे अखिलेश यादव, बोले– बीजेपी का चरित्र बहुत खराब
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नोएडा में सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज की मौत को लेकर योगी सरकार पर तीखा हमला बोला है। लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि इंजीनियर की मौत के लिए सीधे तौर पर मुख्यमंत्री जिम्मेदार हैं। तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि डीएम को हटाने से वोटर लिस्ट तो ठीक हो जाएगी, लेकिन उस पुलिस अधिकारी को हटाना चाहिए था जिसकी वजह से एक युवक की जान चली गई। इसके बजाय सरकार लड़के के खिलाफ ही बयान देने लगी।
अखिलेश यादव ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि “बीजेपी का चरित्र बहुत खराब है। गोमती जितनी गंदी है, उतनी ही बीजेपी गंदी है।”
प्रेस कॉन्फ्रेंस की प्रमुख बातें
1. डायल 100 को बर्बाद कर दिया
अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी सरकार ने डायल 100 जैसी अहम सेवा को बर्बाद कर दिया, जिसकी वजह से नोएडा में इंजीनियर की जान गई। डायल 100 को बेहतर रिस्पांस सिस्टम के लिए बनाया गया था और इसके लिए स्पष्ट एसओपी तय की गई थी, लेकिन सरकार ने इसे कमजोर कर दिया।
2. शंकराचार्य पर बोले – नकली सनातनों की पोल खुली
प्रयागराज और शंकराचार्य विवाद पर अखिलेश यादव ने कहा कि उन्हें गर्व है कि शंकराचार्य अपने स्टैंड पर डटे हुए हैं। एक-एक सनातनी उनके साथ है और उन्होंने नकली सनातनों की पोल खोल दी है। उन्होंने दावा किया कि उनका शंकराचार्य से सीधा संपर्क है।
3. जनगणना में कोविड वैक्सीन से मौतों का जिक्र हो
सपा प्रमुख ने मांग की कि जनगणना में यह भी बताया जाए कि कोविड वैक्सीन से कितने लोगों की मौत हुई। उन्होंने सवाल उठाया कि कैंसर और हार्ट अटैक के मामले क्यों बढ़ रहे हैं और कहा कि वैक्सीन लगने के बाद बड़ी संख्या में लोगों की मौत हुई है। सरकार को बदनामी से नहीं डरना चाहिए।
4. केजीएमयू पर विवादित बयान
केजीएमयू में मजारों को तोड़े जाने के फैसले पर अखिलेश यादव ने कहा कि मजारों के साथ पूरी केजीएमयू बिल्डिंग को भी गिरा देना चाहिए, क्योंकि उसे क्रिश्चियन ने बनवाया था।
5. मुख्यमंत्री किसी को काम नहीं करने दे रहे
उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ किसी मंत्री या विभाग को काम नहीं करने दे रहे हैं। बिजली विभाग को लेकर कहा कि सपा सरकार में उसे फायदे में लाया गया था, लेकिन अब उसे बर्बाद कर दिया गया है।
6. पीडीए सरकार बनाकर न्याय की सरकार का संकल्प
प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले सपा मुख्यालय में भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर की जयंती मनाई गई। अखिलेश यादव ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर ने साधारण परिवार से निकलकर शोषित-पिछड़ों को न्याय दिलाने का काम किया। सपा का लक्ष्य पीडीए सरकार बनाकर न्याय की सरकार स्थापित करना है।
7. वोट कटवाने की धमकी का आरोप
अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा कि बीजेपी और सरकार वोट कटवाने की धमकी दे रही है। उन्होंने दावा किया कि उपचुनाव में बूथ लूटे गए, सीसीटीवी फुटेज मौजूद हैं, लेकिन बाद में आयोग ने फुटेज न देने का फैसला कर लिया।
8. वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का आरोप
एसआईआर की खामियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि वोटर लिस्ट का काम आउटसोर्स किया गया है और संभव है कि यह बीजेपी से जुड़ी किसी कंपनी को दिया गया हो। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि भगवान दास के घर में मोहम्मद अफजल का नाम है और फातिमा के घर में राधा रह रही हैं। तंज कसते हुए बोले—कम से कम वोटर लिस्ट तो ये लोग सेक्युलर बना दे रहे हैं।
अखिलेश यादव के इन बयानों से प्रदेश की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है और आने वाले दिनों में इस पर सियासी घमासान और तेज होने के आसार हैं।