प्रणय मित्तल से लेकर डिंपी राजौरा तक, जानिए कौन हैं, UP कैडर में आए 12 नए IPS अधिकारी
Lucknow : उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में राज्य को 12 नए भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी मिले हैं। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा-2024 के आधार पर चयनित आईपीएस अधिकारियों का कैडर आवंटन गृह मंत्रालय ने जारी कर दिया है। कुल 144 नवचयनित आईपीएस अधिकारियों में से 12 अधिकारियों को उत्तर प्रदेश कैडर आवंटित किया गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्राथमिकताओं में कानून-व्यवस्था शीर्ष पर रही है। ऐसे में नए अधिकारियों की तैनाती से राज्य पुलिस व्यवस्था को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
32 अभ्यर्थी बने IPS, लेकिन सिर्फ 4 को मिला गृह राज्य
वर्ष 2024 की सिविल सेवा परीक्षा में उत्तर प्रदेश के 32 अभ्यर्थियों का चयन भारतीय पुलिस सेवा के लिए हुआ था। हालांकि कैडर आवंटन नीति के तहत इनमें से केवल चार अधिकारियों को ही उत्तर प्रदेश कैडर मिला, जबकि बाकी अधिकारियों को देश के विभिन्न राज्यों में नियुक्ति दी गई है।
उत्तर प्रदेश कैडर में कुल 12 रिक्तियां थीं, जिन्हें नए आवंटन के जरिए भर दिया गया है।
यूपी कैडर पाने वाले 12 IPS अधिकारी
1. वैभव सिंह (हिमाचल प्रदेश) – सामान्य वर्ग
2. प्रणय मित्तल (उत्तर प्रदेश) – सामान्य वर्ग
3. अभिषेक अंजनी सिंह (गुजरात) – सामान्य वर्ग
4. उत्कर्ष पाठक (उत्तर प्रदेश) – सामान्य वर्ग
5. कशिश कालरा (दिल्ली) – सामान्य वर्ग
6. आदित्य आचार्य (राजस्थान) – सामान्य वर्ग
7. भरत दत्त तिवारी (उत्तराखंड) – सामान्य वर्ग
8. कुणाल कुमार (उत्तर प्रदेश) – ओबीसी
9. कुणाल यादव (उत्तराखंड) – ओबीसी
10. अक्षत मांडिवाल (राजस्थान) – ओबीसी
11. आर्येन्द्र कुमार (उत्तर प्रदेश) – अनुसूचित जाति
12. डिंपी राजौरा (दिल्ली) – अनुसूचित जाति
पुलिस व्यवस्था को मिलेगा नया नेतृत्व
नवचयनित अधिकारी प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस के विभिन्न जिलों और इकाइयों में नियुक्त किए जाएंगे। राज्य सरकार को उम्मीद है कि युवा और प्रशिक्षित अधिकारियों के आने से अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग व्यवस्था को नई ऊर्जा मिलेगी।
उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा राज्य होने के कारण यहां पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारियां भी व्यापक हैं। ऐसे में 2024 बैच के इन 12 नए आईपीएस अधिकारियों की नियुक्ति को राज्य पुलिस तंत्र के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।