UP में घी-पनीर के कारोबार पर FSDA की बड़ी कार्रवाई, ₹1.04 करोड़ का खाद्य पदार्थ जब्त
Lucknow : नवरात्रि पर्व से पहले उत्तर प्रदेश में खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने व्यापक अभियान चलाया है। ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत 8 और 9 अक्टूबर को प्रदेश के विभिन्न जिलों में छापेमारी कर करीब 1.04 करोड़ रुपये मूल्य के 22,642 किलोग्राम खाद्य पदार्थ जब्त किए गए। वहीं, एटा में 1,500 किलोग्राम पनीर नष्ट कराया गया। गंभीर अनियमितताओं के मामलों में हापुड़ और एटा में दो एफआईआर भी दर्ज कराई गई हैं।
विभाग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, अभियान के दौरान घी, मिल्क क्रीम, खाद्य तेल, वनस्पति, कुटू और सिंघाड़े के आटे सहित व्रत में इस्तेमाल होने वाले खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और बिक्री प्रतिष्ठानों की जांच की गई।
हापुड़ में वनस्पति और रिफाइंड तेल से मिल्क क्रीम बनाने का मामला
हापुड़ के लोदीपुर स्थित देव फ्रेश क्रीम प्रतिष्ठान पर छापेमारी के दौरान मिल्क क्रीम तैयार करने में वनस्पति और रिफाइंड तेल के इस्तेमाल का मामला सामने आया।
विभाग के मुताबिक, टीम ने मौके से 800 किलोग्राम क्रीम, 2,000 किलोग्राम रिफाइंड तेल और 1,000 किलोग्राम वनस्पति सहित कुल 3,800 किलोग्राम खाद्य सामग्री सीज की। मामले में संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
एटा में 1500 किलो पनीर नष्ट, डेयरी संचालक पर एफआईआर
एटा की सपना डेयरी में जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। टीम ने स्किम्ड मिल्क पाउडर, सोयाबीन दाल, रैनिपाल, रिफाइंड पामोलिन ऑयल और घी सहित कई खाद्य सामग्री जब्त की।
विभागीय जानकारी के अनुसार, मौके पर मौजूद 1,500 किलोग्राम पनीर नष्ट कराया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 3.97 लाख रुपये थी। जांच के लिए पनीर, घी, मिल्क क्रीम और अन्य खाद्य पदार्थों के कुल 10 नमूने भी लिए गए। प्रतिष्ठान के प्रोपराइटर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
लखनऊ में 13.59 टन घी जब्त, कीमत करीब 86 लाख रुपये
- राजधानी लखनऊ में खाद्य सुरक्षा विभाग ने दो प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की।
- मैसर्स जैन देसी घी प्रतिष्ठान पर गंदगी और भ्रामक लेबलिंग संबंधी अनियमितताओं के आधार पर 2,548 किलोग्राम घी जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 17.53 लाख रुपये बताई गई है।
- वहीं, श्यामलाल चुन्नीलाल फर्म पर स्वच्छता संबंधी खामियां मिलने के बाद 11,040 किलोग्राम घी जब्त किया गया। इसकी अनुमानित कीमत 68.44 लाख रुपये है।
- दोनों प्रतिष्ठानों से कुल 13,588 किलोग्राम यानी करीब 13.59 टन घी जब्त किया गया। जांच के लिए सात नमूने भी एकत्र किए गए।
जौनपुर में 1185 किलो खाद्य तेल सीज
जौनपुर में घी, पूजा घी और खाद्य तेल से जुड़े एक प्रतिष्ठान पर भ्रामक लेबलिंग के आधार पर कार्रवाई की गई। टीम ने 1,185 किलोग्राम खाद्य तेल जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत 2.10 लाख रुपये है। जांच के लिए चार नमूने भी लिए गए।
कानपुर में गंदगी के बीच खाद्य सामग्री का भंडारण
- कानपुर नगर में पुरशाना फूड प्रोडक्ट्स प्रतिष्ठान पर अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य सामग्री के भंडारण का मामला सामने आया।
- टीम ने 780 लीटर खाद्य वसा, 150 किलोग्राम वनस्पति और 133 लीटर सोयाबीन तेल जब्त किया। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 2.88 लाख रुपये बताई गई है।
- इसके अलावा कानपुर के शताक्षी ट्रेडर्स प्रतिष्ठान पर रिफाइंड ग्राउंडनट ऑयल की 2,496 बोतलें जब्त की गईं, जिनकी अनुमानित कीमत 3.35 लाख रुपये है।
औरैया, हाथरस और कासगंज में भी कार्रवाई
- औरैया में भ्रामक लेबलिंग के आधार पर घी के 34 टिन सीज किए गए। वहीं, हाथरस और कासगंज में घी और पूजा घी के नाम पर बेचे जा रहे संदिग्ध उत्पादों को लेकर विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है।
- नवरात्रि के मद्देनजर विभाग ने सभी जिलों में कुटू और सिंघाड़े के आटे सहित अन्य फलाहारी खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच तेज कर दी है।
छोटे दुकानदारों का अनावश्यक उत्पीड़न नहीं करने के निर्देश
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त ने प्रवर्तन दलों को निर्देश दिया है कि जांच के नाम पर छोटे दुकानदारों और खुदरा विक्रेताओं का अनावश्यक उत्पीड़न न किया जाए।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि अभियान का मुख्य उद्देश्य मिलावट, भ्रामक लेबलिंग और गंभीर खाद्य सुरक्षा अनियमितताओं पर कार्रवाई करना है। सभी टीमों को निष्पक्षता, पारदर्शिता और नियमानुसार जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
विभाग के अनुसार, अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि त्योहार के दौरान उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराए जा सकें।