गाजियाबाद: कैलाश मानसरोवर यात्रा-2026 का पहला जत्था रवाना, मंत्री सुनील शर्मा ने दिखाई हरी झंडी
Lucknow : कैलाश मानसरोवर यात्रा-2026 के प्रथम दल को सोमवार को गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित कैलाश मानसरोवर भवन से श्रद्धा, उत्साह और आध्यात्मिक वातावरण के बीच विधिवत रवाना किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री सुनील शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर यात्रियों को विदा किया। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
यात्रा के लिए पंजीकृत 50 श्रद्धालुओं में से चिकित्सा परीक्षण के बाद 47 यात्री पूरी तरह स्वस्थ पाए गए, जिन्हें लाइजन ऑफिसर्स, आईटीबीपी जवानों और चिकित्सा दल के साथ विशेष बसों के जरिए एयरपोर्ट के लिए रवाना किया गया।
शिवमय हुआ पूरा परिसर
कैलाश मानसरोवर भवन का पूरा परिसर "हर-हर महादेव", "बम-बम भोले" और "ॐ नमः शिवाय" के जयघोषों से गूंज उठा। श्रद्धालु भजन-कीर्तन, शिव स्तुति, ढोल-नगाड़ों और ताशों की मंगलध्वनि के बीच भक्ति भाव में सराबोर नजर आए। प्रस्थान से पहले सभी यात्रियों ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।
यात्रियों के लिए की गईं विशेष व्यवस्थाएं
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) की ओर से श्रद्धालुओं के पांच दिवसीय प्रवास के दौरान विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। इनमें आरामदायक आवास, सात्विक भोजन, योग एवं प्राणायाम प्रशिक्षण, 24 घंटे चिकित्सा सहायता, एम्बुलेंस सेवा, आध्यात्मिक साहित्य और यात्रा मार्गदर्शन की विशेष व्यवस्था शामिल रही।
GDA उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल, अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह, प्रभारी मुख्य अभियंता आलोक रंजन, अधिशासी अभियंता योगेश पटेल तथा धर्मार्थ कार्य निदेशालय के संयुक्त सचिव एवं नोडल अधिकारी विश्व भूषण मिश्रा सहित कई अधिकारी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
नाथुला दर्रे के रास्ते करेंगे यात्रा
कैलाश मानसरोवर यात्रा-2026 का यह प्रथम दल सिक्किम स्थित नाथुला दर्रे (Nathu La Pass) के रास्ते भगवान शिव के पवित्र धाम कैलाश मानसरोवर के लिए रवाना हुआ है। 21 दिवसीय इस आध्यात्मिक यात्रा के दौरान श्रद्धालु कैलाश पर्वत की परिक्रमा भी करेंगे।
यात्रियों ने उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री आदित्यनाथ तथा गाजियाबाद विकास प्राधिकरण का आभार व्यक्त किया और यात्रा के सफल एवं सुरक्षित संपन्न होने की कामना की।