{"vars":{"id": "130921:5012"}}

आधी सदी की वफादारी, पांच साल की कैद... अखिलेश के सामने छलका आजम खां का दर्द, ओवैसी पर भी बरसे

 

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां ने गुरुवार को पार्टी के कार्यक्रम में अपने राजनीतिक सफर, जेल में बिताए दिनों और परिवार की परेशानियों का जिक्र करते हुए भावुक संबोधन दिया। उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का आभार जताया और शायरी के माध्यम से अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। इस दौरान उन्होंने असदुद्दीन ओवैसी पर भी निशाना साधा।

पांच साल की कैद ने दिल और दिमाग को किया प्रभावित

आजम खां ने अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए कहा कि एक आधा जिंदा आदमी आपके सामने खड़ा है। उन्होंने अखिलेश यादव का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि पांच साल की कैद ने उनके दिल और दिमाग को काफी प्रभावित किया है।

उन्होंने कहा कि जिस घृणा का उन्होंने सामना किया है, उसे सहना किसी सामान्य व्यक्ति के लिए बेहद मुश्किल होता। हालांकि, उन्होंने संघर्ष जारी रखने की बात कहते हुए कहा कि हम सख्त जान हैं, कुछ करके ही मरेंगे।

एक ही खानदान के लिए गुजार दी आधी सदी

आजम खां ने अपने लंबे राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने एक ही खानदान के लिए अपने जीवन की आधी सदी गुजार दी। इतना ही नहीं, अपनी आने वाली पीढ़ी को भी उनके हवाले कर दिया। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने राजनीतिक जीवन में किए गए त्याग और संघर्षों का भी उल्लेख किया।

शायरी के जरिए बयां किया अपना दर्द

आजम खां ने मशहूर शायर खुमार बाराबंकवी का जिक्र करते हुए शायरी के माध्यम से अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने पढ़ा—

मुझको शिकस्त-ए-दिल का मज़ा याद आ गया,
तुम क्यों उदास हो गए, क्या याद आ गया।
कहने को ज़िंदगी थी बहुत मुख़्तसर मगर,
कुछ यूं बसर हुई कि ख़ुदा याद आ गया।

ओवैसी पर साधा निशाना, बोले- हम वोट काटते नहीं, जोड़ते हैं

आजम खां ने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन पर इशारों में निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग न तो खुद कुछ बन सकते हैं और न ही किसी दूसरे को बना सकते हैं, लेकिन सरकार के गठन को प्रभावित जरूर कर सकते हैं।

उन्होंने राजनीतिक विरोधियों पर तंज कसते हुए कहा कि हम बहता हुआ समंदर हैं, गंदा नाला नहीं। हम वोट कटुआ नहीं हैं, बल्कि वोट जोड़ने का काम करते हैं। 

बेटे के साथ जेल में बिताए दिनों को याद कर हुए भावुक

आजम खां ने जेल में बिताए दिनों और परिवार को हुई परेशानियों का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि जेल से निकलने के बाद महज 15 मिनट के भीतर ईडी ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था।

उन्होंने बताया कि एक बार तड़के साढ़े तीन बजे जेल प्रशासन ने उन्हें जगाकर दूसरी जेल में स्थानांतरित किए जाने की सूचना दी थी। आजम खां ने कहा कि उन्हें अपने अकेले जेल में रहने का दुख नहीं है, बल्कि सबसे अधिक तकलीफ इस बात की है कि उनके बेटे को भी उनके साथ जेल में रहना पड़ा।

उन्होंने अपने परिवार के खिलाफ हुई कार्रवाई की तुलना स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह के दौर से करते हुए सवाल उठाए।

सपा के चुनावी घोषणापत्र को बताया देश का भविष्य

आजम खां ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए समाजवादी पार्टी के चुनावी घोषणापत्र का भी उल्लेख किया। उन्होंने इसे आने वाले हिंदुस्तान के भविष्य से जुड़ा दस्तावेज बताया। साथ ही कहा कि घोषणापत्र में कोई भी बात स्थायी नहीं है और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुसार इसमें बदलाव किया जा सकता है।

संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित सपा के इस कार्यक्रम में आजम खां का भावुक संबोधन और राजनीतिक विरोधियों पर की गई टिप्पणियां चर्चा का विषय बनी रहीं।