हाथरस: CM योगी का तीखा हमला, बोले– अयोध्या को रामभक्तों ने संवारा, अखिलेश में मथुरा पर बोलने ...
हाथरस। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को हाथरस में करीब 548 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कानून-व्यवस्था, विकास, किसानों के कल्याण और औद्योगिक प्रगति को लेकर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “डबल इंजन सरकार” के तहत उत्तर प्रदेश को दंगा-मुक्त, माफिया-मुक्त और विकास की नई दिशा में आगे बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के बिना विकास संभव नहीं है।
हाथरस की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान
सीएम योगी ने अपने संबोधन की शुरुआत हाथरस की पावन भूमि को नमन करते हुए की। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र स्वतंत्रता संग्राम में योगदान, काका हाथरसी की साहित्यिक विरासत और हींग उत्पादन के लिए प्रसिद्ध है। उन्होंने जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों—हाथरस, सिकंदराराऊ और सादाबाद—के लिए विकास परियोजनाओं को बड़ी सौगात बताया।
कानून-व्यवस्था पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में दंगे और कर्फ्यू आम बात थे, लेकिन पिछले नौ वर्षों में स्थिति पूरी तरह बदल गई है। उन्होंने दावा किया कि अब प्रदेश में न दंगे होते हैं, न कर्फ्यू लगता है और न ही अराजकता को बढ़ने दिया जाता है।
मोहर्रम और प्रशासनिक व्यवस्था का उल्लेख
सीएम ने कहा कि हाल ही में प्रदेश में हजारों मोहर्रम जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से निकले और कहीं भी अप्रिय घटना नहीं हुई। उन्होंने कहा कि सरकार ने ताजिया जुलूसों के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश तय किए हैं ताकि आम जनता की सुरक्षा और सुविधा बनी रहे।
किसानों और विकास योजनाओं पर फोकस
मुख्यमंत्री ने किसानों की आय बढ़ाने के लिए कोल्ड स्टोरेज, प्रोसेसिंग यूनिट और कृषि अनुसंधान संस्थानों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि आगरा में इंटरनेशनल पोटैटो सेंटर और वाराणसी में राइस रिसर्च संस्थान किसानों को तकनीकी सहायता दे रहे हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना और मुफ्त राशन जैसी योजनाओं को सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया।
विपक्ष पर हमला
सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला करते हुए कहा कि अयोध्या को लेकर दिए गए उनके बयानों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अतीत में रामभक्तों पर गोली चलवाई गई थी और आज वही लोग विकास पर सवाल उठा रहे हैं।
उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि आपातकाल के दौरान लोकतंत्र का गला घोंटा गया था।
विकास का रोडमैप और रोजगार
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाथरस में सड़क, फ्लाईओवर, मेडिकल कॉलेज सुधार और बस स्टैंड जैसी परियोजनाओं पर तेजी से काम हो रहा है। औद्योगिक विकास से आसपास के जिलों में हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा।