इस्लाम से एकजुटता सीखें हिंदू, किसी एक दल तक सीमित न रहें — राजा भैया
प्रतापगढ़। जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के अध्यक्ष और कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने कहा कि हिंदुओं को एकजुट रहने के मामले में इस्लाम से सीख लेनी चाहिए। शनिवार, 14 नवंबर को पीटीआई वीडियो से बातचीत में उन्होंने कहा कि हिंदुओं को खुद को किसी एक राजनीतिक दल तक सीमित नहीं रखना चाहिए। उन्होंने यह बात हिंदुओं को एकजुट करने वाली विचारधारा से जुड़े सवाल के जवाब में कही।
राजा भैया ने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और वामपंथी दलों का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि अलग-अलग दलों में होने के बावजूद मुस्लिम नेता अपनी धार्मिक आस्था को प्राथमिकता देते हैं। उनके मुताबिक, हिंदुत्व के मुद्दे पर हिंदुओं को भी अपनी धार्मिक पहचान को दलगत जुड़ाव से ऊपर रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दल आते-जाते रहते हैं, लेकिन ईश्वर, धर्म और सनातन परंपरा के प्रति आस्था मजबूत रहनी चाहिए।
राजनीतिक दलों पर किया दावा, किसी का नाम नहीं लिया
कुंडा विधायक ने दावा किया कि एक-दो अपवादों को छोड़कर ज्यादातर राजनीतिक दल हिंदुओं की एकजुटता नहीं चाहते। हालांकि, उन्होंने किसी दल का नाम नहीं लिया। ‘सॉफ्ट’ और ‘कट्टर’ हिंदुत्व को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने ‘ईश्वर के सीसीटीवी’ का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि ईश्वर से इंसान का बाहरी व्यवहार ही नहीं, उसका भीतर का चरित्र भी नहीं छिपता।