{"vars":{"id": "130921:5012"}}

रिंकू राही ने क्यों छोड़ी IAS पोस्ट? क्या राजनीति में आने का है प्लान या...


UP कैडर के IAS अधिकारी रिंकू सिंह राही ने बिना काम के सैलरी लेने से इनकार करते हुए इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने PCS सेवा में वापस लौटने की इच्छा जताई है और कहा कि जनता के पैसे से वेतन लेना बिना काम के गलत है।

 

उत्तर प्रदेश कैडर के 2022 बैच के IAS अधिकारी रिंकू सिंह राही ने इस्तीफा देकर प्रशासनिक हलकों में हलचल मचा दी है। उन्होंने साफ कहा कि बिना काम किए सैलरी लेना जनता के पैसे के साथ अन्याय है, इसलिए उन्होंने वेतन लेने से भी इनकार कर दिया।
 

जनता के पैसे पर नहीं करूंगा समझौता

मीडिया से बातचीत में रिंकू राही ने कहा- हमें सैलरी जनता के पैसे से मिलती है। जब जनता के लिए काम नहीं कर रहे तो वेतन लेने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि वे कहीं भी पोस्टिंग मिलने पर काम करने को तैयार हैं, लेकिन उन्हें जिम्मेदारी दी जानी चाहिए।

PCS सेवा में लौटने की इच्छा

रिंकू सिंह राही ने अपनी पुरानी PCS सेवा में वापस लौटने की इच्छा जताई है। उन्होंने बताया कि ‘लीन पीरियड’ के तहत वे अपनी पुरानी सेवा में वापसी कर सकते हैं। उन्होंने अक्टूबर 2025 में ही इसके लिए संबंधित विभाग को पत्र भी लिखा था और अब इस्तीफे के साथ इस मांग को दोहराया है।

राजनीति में आने से किया इनकार

रिंकू राही ने राजनीति में आने की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि उनका ऐसा कोई इरादा नहीं है। “मैं सिर्फ जनता की सेवा करना चाहता हूं, लेकिन मुझे ऐसा करने नहीं दिया जा रहा।

पहले भी विवादों में रह चुके हैं राही

रिंकू सिंह राही इससे पहले 2025 में एक विवाद के चलते सुर्खियों में आए थे, जब उनका वकीलों के सामने उठक-बैठक करते हुए वीडियो वायरल हुआ था। इस घटना के बाद उन्हें जुलाई 2025 से राजस्व विभाग में अटैच कर दिया गया था और उन्हें फील्ड पोस्टिंग नहीं दी गई।

अब सरकार के फैसले पर टिकी नजरें

फिलहाल रिंकू सिंह राही के इस्तीफे और PCS में वापसी को लेकर अंतिम फैसला सरकार को लेना है।