{"vars":{"id": "130921:5012"}}

UP में सपा सरकार बनी तो दिल्ली की BJP सरकार गिर जाएगी- अखिलेश यादव का दावा

 

Lucknow : अखिलेश यादव ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। समाजवादी पार्टी प्रमुख ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जैसे ही समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी, “दिल्ली की सरकार भी गिर जाएगी।” उनका इशारा केंद्र की भाजपा सरकार की ओर था।

अखिलेश यादव का यह बयान सुनते ही प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तालियां बजाकर उनका समर्थन किया।

राहुल गांधी के बयान पर दी प्रतिक्रिया

दरअसल, सोमवार को कांग्रेस की बैठक में राहुल गांधी ने दावा किया था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार एक साल के भीतर चली जाएगी।इसी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश की राजनीति का असर सीधे दिल्ली की सत्ता पर पड़ता है।

‘जाति-धर्म देखकर हो रहे एनकाउंटर’

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने यूपी सरकार पर फर्जी एनकाउंटर कराने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जाति और धर्म देखकर एनकाउंटर कराती है, जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो रहा है।

सपा प्रमुख ने कहा कि जिस एनकाउंटर में मर्जी चलती हो, उसे फर्जी समझिए। सरकार सब कुछ छिपाना चाहती है। फर्जी एनकाउंटर कराने वाले सरकार नहीं, बल्कि गुनहगार हैं।

‘पीडीए को डराने की कोशिश’

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि एनकाउंटर के जरिए पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) समाज को डराने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि धाक जमाने के लिए यूपी में एनकाउंटर किए जा रहे हैं। एनकाउंटर के बहाने पीडीए का हक मारने की कोशिश हो रही है। सरकारी स्तर पर अपराध तंत्र खड़ा कर दिया गया है।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि फर्जी एनकाउंटर में शामिल पुलिसकर्मी और उनके परिवार भी मानसिक तनाव में जिंदगी बिताते हैं। उन्होंने कहा कि पुलिसवालों को समझना चाहिए कि सरकार उन्हें पुलिसकर्मी से अपराधी बना देती है।