गोरखपुर में जनता दर्शन: CM योगी ने खुद सुनी लोगों की समस्याएं, कहा- किसी का इलाज पैसे के अभाव में नहीं रुकेगा
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गुरु पूर्णिमा पर्व के धार्मिक कार्यक्रमों के बीच गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने करीब 200 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
गुरु पूर्णिमा पूजन के बाद आयोजित जनता दर्शन में सीएम योगी खुद लोगों के बीच पहुंचे और एक-एक कर उनकी शिकायतें सुनीं। मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर बैठे लोगों के पास जाकर मुख्यमंत्री ने उनकी समस्याओं को जाना और सभी को भरोसा दिलाया कि उनकी हर समस्या का समाधान कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ लेते हुए उनका निस्तारण समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक तरीके से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता हर व्यक्ति की समस्या का समाधान करना है।
इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगने वालों को मिला भरोसा
जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के परिजन आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे। इस पर सीएम योगी ने आश्वस्त किया कि पैसे की कमी के कारण किसी भी मरीज का इलाज नहीं रुकने दिया जाएगा।
उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया कि मरीजों के इलाज से संबंधित इस्टीमेट की प्रक्रिया जल्द पूरी कर शासन को भेजी जाए, ताकि धनराशि जारी कर इलाज में मदद की जा सके।
बच्चों को दिया प्यार और आशीर्वाद
जनता दर्शन के दौरान महिलाओं के साथ पहुंचे बच्चों से भी मुख्यमंत्री ने आत्मीयता से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों को दुलार किया, आशीर्वाद दिया और चॉकलेट देकर उनका उत्साह बढ़ाया।
सीएम योगी ने कहा कि जनता की सेवा और उनकी समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जनता से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।