{"vars":{"id": "130921:5012"}}

सीएम युवा योजना में जौनपुर अव्वल, यूपी दिवस पर CM योगी करेंगे सम्मानित
 

 

लखनऊ। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा योजना) में उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में जौनपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया है। योजना के तहत शत-प्रतिशत लाभ वितरण में जौनपुर लगातार अव्वल बना हुआ है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यूपी दिवस के अवसर पर जौनपुर जिले को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करेंगे।

योगी सरकार प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है। युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं में सीएम युवा योजना युवाओं की पहली पसंद बन गई है। वर्तमान वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक प्रदेश भर से 3,34,337 युवाओं ने लोन के लिए आवेदन किया है, जिसमें से 2,81,277 आवेदनों को बैंकों को फॉरवर्ड किया गया। इनमें से 1,06,772 आवेदनों को स्वीकृति मिली और 1,03,353 युवाओं को लोन वितरित किया जा चुका है।

जौनपुर का उत्कृष्ट प्रदर्शन

जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र सिंह के अनुसार, जिले में विशेष अभियान चलाकर युवाओं को योजना से जोड़ा जा रहा है। जिले को इस वर्ष 2,500 लोन वितरण का लक्ष्य मिला था, लेकिन अब तक 8,240 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 7,033 बैंकों को भेजे गए। इनमें से 3,315 युवाओं को लोन वितरित किया गया, जिससे लक्ष्य प्राप्ति का अनुपात 132 प्रतिशत से अधिक हो गया। इस उपलब्धि के साथ जौनपुर पूरे प्रदेश में नंबर-1 जिला बन गया है।

दूसरे और तीसरे स्थान पर आजमगढ़ व हरदोई

आजमगढ़ ने भी ब्लॉक स्तर पर वर्कशॉप और बैंकर्स के साथ काउंसलिंग सत्र आयोजित कर शानदार प्रदर्शन किया। जिले को 2,500 लोन का लक्ष्य था, जबकि 7,315 आवेदन प्राप्त हुए और 3,219 को लोन मिला, लक्ष्य प्राप्ति 128.76 प्रतिशत रही। हरदोई ने तीसरा स्थान हासिल किया, जहां 2,800 के लक्ष्य के मुकाबले 2,628 लोन वितरित हुए।

अंबेडकरनगर चौथे और झांसी पांचवें स्थान पर रहा। कौशांबी, बहराइच, रायबरेली और महराजगंज जैसे जिलों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।