जेवर एयरपोर्ट का नाम होगा 'नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट', योगी कैबिनेट ने प्रस्ताव को दी मंजूरी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर रखने का बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में एयरपोर्ट का नाम 'नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट' रखने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार के प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रदेश मंत्रिपरिषद ने उनके सम्मान में अभिनंदन प्रस्ताव भी पारित किया।
पीएम मोदी के 25 वर्षों के नेतृत्व को योगी सरकार ने बताया ऐतिहासिक
कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सात अक्टूबर देश के इतिहास में गौरवशाली अध्याय के रूप में दर्ज हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की अनवरत यात्रा जनसेवा से जनकल्याण और जनभागीदारी से जनविश्वास की अनूठी मिसाल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश मंत्रिपरिषद प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण का हार्दिक अभिनंदन करती है। उन्होंने 'सेवा ही समर्पण' और 'राष्ट्र प्रथम' के संकल्प को अपने सार्वजनिक जीवन का आधार बनाया है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश के लिए यह विशेष गौरव का विषय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश की धरती से सांसद के रूप में देश का नेतृत्व कर रहे हैं।
काशी से प्रधानमंत्री मोदी के रिश्ते का किया जिक्र
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वाराणसी के संबंधों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में काशी आगमन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि उन्हें मां गंगा ने बुलाया है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, काशी और मां गंगा से शुरू हुआ यह आत्मीय संबंध समय के साथ लगातार मजबूत हुआ है। यही संबंध आज उत्तर प्रदेश के विकास और बदलाव की महत्वपूर्ण प्रेरणा बना है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के साझा संकल्प तथा 'टीम इंडिया' की भावना के साथ उत्तर प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
2017 के बाद उत्तर प्रदेश की कार्यसंस्कृति में बदलाव का दावा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश प्रशासनिक अस्थिरता, असुरक्षा की भावना और बुनियादी सुविधाओं के अभाव जैसी चुनौतियों से जूझ रहा था।
उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश ने शासन की नई कार्यसंस्कृति अपनाई। इसके परिणामस्वरूप बेहतर कानून-व्यवस्था, आधुनिक बुनियादी ढांचा, सुशासन और निवेश के अनुकूल वातावरण उत्तर प्रदेश की नई पहचान बने हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय से प्रदेश में विकास परियोजनाओं को गति मिली है और उत्तर प्रदेश नए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है।
जेवर एयरपोर्ट को मिलेगी नई पहचान
गौतमबुद्ध नगर के जेवर में स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट दिल्ली-एनसीआर की महत्वपूर्ण विमानन परियोजनाओं में शामिल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 मार्च 2026 को इसके पहले चरण का उद्घाटन किया था। इस परियोजना का उद्देश्य दिल्ली-एनसीआर में हवाई यातायात की क्षमता बढ़ाने के साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश में व्यापार, निवेश और रोजगार को बढ़ावा देना है।