{"vars":{"id": "130921:5012"}}

DJ को लेकर कांवड़ियों और पुलिस में झड़प, हंगामे के बाद प्रशासन ने मांगी माफी, कोतवाल ने कहा इस्तीफा दे दुंगा

कन्नौज में डीजे को शहर के अंदर ले जाने से रोकने पर कांवड़ियों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। विवाद बढ़ने पर कांवड़ियों ने सड़क पर बैठकर विरोध किया। प्रशासनिक अधिकारियों ने हाथ जोड़कर माफी मांगी, जबकि कोतवाल जितेंद्र ने इस्तीफे का ऐलान किया। बाद में डीजे को शहर के अंदर जाने दिया गया।
 

कन्नौज: उत्तर प्रदेश के कन्नौज में देर रात डीजे को लेकर कांवड़ियों और पुलिस के बीच विवाद बढ़ गया। शहर के भीतर डीजे ले जाने से रोकने पर कांवड़ियों और पुलिसकर्मियों के बीच कहासुनी के बाद धक्का-मुक्की हो गई। इसके बाद कांवड़ियों ने सड़क पर बैठकर विरोध शुरू कर दिया। मामला बढ़ता देख प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर हस्तक्षेप करना पड़ा।

30 साल से कन्नौज पहुंच रहे कांवड़िए

बताया गया कि हरदोई जिले के बिलग्राम और आसपास के क्षेत्रों से हजारों कांवड़िए करीब 30 वर्षों से सावन के दौरान कन्नौज के सिद्धपीठ गौरीशंकर मंदिर में गंगाजल अर्पित करने पहुंचते हैं। शुक्रवार को भी कांवड़ियों का बड़ा जत्था कन्नौज पहुंचा था।

कांवड़ियों के ठहरने और सेवा के लिए बोर्डिंग ग्राउंड में खाने-पीने से लेकर अन्य व्यवस्थाएं की गई थीं। इसी दौरान कांवड़ियों का जत्था डीजे के साथ शहर की ओर बढ़ रहा था।

शहर में DJ ले जाने से पुलिस ने रोका, बढ़ा विवाद

शहर के अंदर डीजे ले जाने पर पुलिस ने आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर कांवड़ियों और पुलिस के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।

घटना के बाद बड़ी संख्या में कांवड़िए नाराज हो गए और उन्होंने सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। काफी देर तक मौके पर हंगामा चलता रहा। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।

अधिकारियों ने हाथ जोड़कर मांगी माफी

मामला बढ़ता देख प्रशासन ने कांवड़ियों से बातचीत शुरू की। एडीएम देवेंद्र ने कांवड़िया संगठन के प्रमुख पदाधिकारी से बातचीत की और पुलिस की ओर से हुई घटना को लेकर हाथ जोड़कर माफी मांगी।

इसी दौरान कांवड़ियों के साथ कथित अभद्र व्यवहार को लेकर विवादों में आए कोतवाल जितेंद्र ने भी कांवड़ियों से भरे मैदान में अपने इस्तीफे की घोषणा कर दी। कोतवाल के इस ऐलान के बाद कांवड़ियों ने संतुष्टि जताई और अपना विरोध समाप्त कर दिया।

आखिरकार शहर के अंदर से निकला DJ

शुरुआत में पुलिस द्वारा डीजे को शहर के अंदर ले जाने से रोकने के कारण शुरू हुआ विवाद आखिरकार डीजे को शहर के भीतर जाने की अनुमति मिलने के बाद शांत हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार भी मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने कांवड़िया आयोजकों से बातचीत कर स्थिति को संभाला। इसके बाद माहौल सामान्य हुआ और कांवड़ियों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया।