{"vars":{"id": "130921:5012"}}

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में 200 करोड़ की लागत से बने KDSG अस्पताल का उद्घाटन, सीएम योगी बोले- यूपी बन चुका है विकास का इंजन

 

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-10 में मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने 200 करोड़ रुपये की लागत से बने निजी KDSG अस्पताल का उद्घाटन किया। अस्पताल के शुभारंभ के बाद मुख्यमंत्री जनसभा स्थल पर पहुंचे और लोगों को संबोधित करते हुए प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों और स्वास्थ्य सेवाओं में हुए विस्तार का उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गौतमबुद्ध नगर में फिल्म सिटी और मेडिकल डिवाइस पार्क जैसे बड़े प्रोजेक्ट विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो उत्तर प्रदेश कभी पहचान के लिए मोहताज था, आज वह देश के विकास का इंजन बन चुका है। प्रदेश में बड़े पैमाने पर निवेश आ रहा है और सरकार हर क्षेत्र में निवेशकों को पूरा सहयोग दे रही है। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में ‘एक जनपद एक माफिया’ की स्थिति थी, लेकिन अब सरकार ‘एक जनपद एक मेडिकल कॉलेज’ की दिशा में काम कर रही है।

सीएम योगी ने स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर कहा कि बेहतर और सस्ती स्वास्थ्य सुविधाएं हर नागरिक का अधिकार हैं। उन्होंने बताया कि Ayushman Bharat Yojana के तहत देश के करीब 60 करोड़ और उत्तर प्रदेश के लगभग 5.60 करोड़ लोगों को गोल्डन कार्ड के माध्यम से इलाज की सुविधा मिल रही है। उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र में निजी क्षेत्र की भागीदारी को भी जरूरी बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में डॉक्टरों का व्यवहार भी बहुत महत्वपूर्ण होता है। उनका कहना था कि डॉक्टर का अच्छा व्यवहार मरीज की आधी बीमारी दूर कर देता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे Kapil Dev के नेतृत्व में टीम मैदान में उतरती थी तो विरोधी टीम पर दबाव बन जाता था।

सीएम योगी ने बताया कि वर्ष 2014 तक देश में केवल 6 एम्स थे, जो अब बढ़कर 23 हो चुके हैं। वहीं उत्तर प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 17 से बढ़कर 81 हो गई है। उन्होंने कहा कि KDSG हॉस्पिटल जैसे संस्थान स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। 300 बेड के इस अस्पताल से करीब 1000 लोगों को रोजगार भी मिलेगा। उन्होंने बताया कि जिन लोगों के पास आयुष्मान कार्ड नहीं है, उनके इलाज के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से एक साल में 1300 करोड़ रुपये दिए गए हैं।

इस अवसर पर सांसद Mahesh Sharma ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में उत्तर प्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने बताया कि करीब 30 साल पहले निवेशक इस क्षेत्र में आने से कतराते थे, क्योंकि कानून-व्यवस्था की स्थिति ठीक नहीं थी। लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कानून-व्यवस्था, सड़क और आधारभूत सुविधाओं में बड़ा सुधार हुआ है, जिससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। उन्होंने कहा कि Japan और Singapore जैसे देश भी प्रदेश में निवेश को लेकर आश्वस्त हैं।

कार्यक्रम में पूर्व क्रिकेटर कपिल देव, प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह, विधायक तेजपाल नागर, सांसद महेश शर्मा, धीरेंद्र सिंह, प्रमोटर सुनील कुमार गुप्ता और डॉ. अजिंक्य डीवाई पाटिल समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।