{"vars":{"id": "130921:5012"}}

बाराबंकी में बनेगा लोधेश्वर महादेव कॉरिडोर, कल 200 करोड़ की परियोजना का शिलान्यास करेंगे CM योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बाराबंकी में 200 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले लोधेश्वर महादेव कॉरिडोर का शिलान्यास करेंगे। इस परियोजना से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और श्रद्धालुओं को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
 

बाराबंकी: अयोध्या में श्रीराम मंदिर और वाराणसी में काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर के बाद उत्तर प्रदेश सरकार अब बाराबंकी के ऐतिहासिक लोधेश्वर महादेव मंदिर के भव्य विकास की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 20 जुलाई को करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले लोधेश्वर महादेव कॉरिडोर का शिलान्यास करेंगे। सरकार की योजना इस परियोजना को उत्तर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक पर्यटन केंद्रों में शामिल करने की है।

धार्मिक पर्यटन को मिलेगी नई पहचान

प्रदेश सरकार का मानना है कि लोधेश्वर महादेव कॉरिडोर बनने के बाद बाराबंकी न केवल धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र बनेगा, बल्कि यहां पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। इससे स्थानीय व्यापार, होटल उद्योग, परिवहन और छोटे कारोबारियों को लाभ मिलेगा, वहीं आसपास के क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

20 बीघा क्षेत्र में विकसित होगा भव्य कॉरिडोर

लोधेश्वर महादेव कॉरिडोर लगभग 20 बीघा भूमि में विकसित किया जाएगा। परियोजना के लिए मंदिर परिसर के आसपास स्थित 127 मकानों और दुकानों को हटाया गया है। प्रशासन के अनुसार जिन लोगों के पास वैध दस्तावेज थे, उन्हें करीब 48 करोड़ रुपये का मुआवजा देकर भूमि खाली कराई गई, जबकि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी की गई।

श्रद्धालुओं के लिए होंगी आधुनिक सुविधाएं

कॉरिडोर में मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए चौड़ा परिक्रमा मार्ग, आकर्षक प्रवेश द्वार, विश्राम गृह, क्लॉक रूम, शौचालय और अन्य बुनियादी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके साथ ही परिसर में स्थित अमृत सरोवर का भी जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर धार्मिक अनुभव मिल सके।

लोध समाज समेत कई समुदायों की आस्था का केंद्र

लोधेश्वर महादेव मंदिर बाराबंकी के अलावा उन्नाव, बांदा, जालौन, कानपुर, हमीरपुर और कालपी सहित कई जिलों के श्रद्धालुओं की गहरी आस्था का केंद्र माना जाता है। विशेषकर लोध, गुर्जर, तोमर और पाल समाज के लोग भगवान शिव को अपना कुलदेवता मानते हैं। सावन और महाशिवरात्रि के दौरान यहां बड़ी संख्या में कांवड़िए जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं।

शिलान्यास के बाद जनसभा को भी संबोधित करेंगे मुख्यमंत्री

लोधेश्वर महादेव कॉरिडोर का शिलान्यास करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बाराबंकी में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। सरकार का कहना है कि यह परियोजना प्रदेश में धार्मिक विरासत के संरक्षण के साथ पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। वहीं मथुरा में बांके बिहारी कॉरिडोर सहित अन्य धार्मिक परियोजनाओं पर भी तेजी से काम किया जा रहा है।