{"vars":{"id": "130921:5012"}}

लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा: खड़े ट्रक से टकराईं दो रोडवेज बसें, 3 की मौत, 31 घायल
 

 

लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर सिरधरपुर और देवखरी गांव के पास रविवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। मथुरा और आगरा डिपो की दो रोडवेज बसें एक ही खड़े ट्रक से टकरा गईं। इस हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि दोनों बसों में सवार 31 यात्री घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 12 बजे किलोमीटर संख्या 226 पर सिरधरपुर गांव के सामने एक ट्रक सड़क घेरकर खड़ा था। तभी आगरा फोर्ट जा रही एक रोडवेज बस पीछे से ट्रक में जा भिड़ी। इस टक्कर में बस में सवार 14 यात्री घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पांच एंबुलेंस की मदद से घायलों को बांगरमऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। साथ ही हाइड्रा मशीन मंगाकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने का कार्य शुरू किया गया।

रात करीब 2:30 बजे जब पुलिस क्षतिग्रस्त ट्रक को हटाकर प्रीतमपुरा चौकी ले जा रही थी, तभी आगरा फोर्ट की ही दूसरी रोडवेज बस भी उसी ट्रक में पीछे से टकरा गई। इस दूसरी टक्कर में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 17 यात्री घायल हो गए।

पुलिस ने सभी घायलों को दोबारा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है, जिसके चलते शवों को पोस्टमार्टम हाउस में सुरक्षित रखवाया गया है।

कोतवाल अखिलेशचंद्र पांडेय ने बताया कि ट्रक सड़क किनारे खड़ा था। दोनों बसों में कुल 31 यात्री घायल हुए हैं और तीन की मौत हुई है। शवों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में दोनों हादसों का कारण बस चालकों को झपकी आना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।