{"vars":{"id": "130921:5012"}}

लखनऊ पुलिस लाइन में महिला आरक्षियों ने ली शपथ, वर्दी के सम्मान संग लिया देशसेवा का संकल्प

 

Lucknow : सीएम योगी की मौजूदगी में रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन में 2025 बैच के पुलिस आरक्षियों का भव्य दीक्षांत परेड समारोह आयोजित किया गया। 60,244 आरक्षी नागरिक पुलिस सीधी भर्ती के तहत चयनित जवानों ने परेड में हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने परेड का निरीक्षण कर सलामी ली और चयनित अभ्यर्थियों को संबोधित किया।

महिला आरक्षियों ने जताया आभार

समारोह के बाद महिला आरक्षियों में खासा उत्साह देखने को मिला। रायबरेली की दीप्ति पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री की मौजूदगी में शपथ लेना उनके जीवन का गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि सरकार ने महिलाओं को सुरक्षा के साथ जिम्मेदारी निभाने का अवसर दिया है, जिसे वे पूरी निष्ठा से निभाएंगी।

‘योगी सरकार में बढ़ा महिलाओं का सम्मान’

सुमन यादव ने कहा कि यह पहल महिलाओं के मान-सम्मान को बढ़ाने वाली है और अधिक से अधिक महिलाओं को आगे आकर सेवा में जुड़ना चाहिए। जौनपुर की प्रीति पटेल ने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बताते हुए कहा कि महिलाओं को समान अवसर मिल रहे हैं। गाजीपुर की श्रुति यादव ने इसे देश और प्रदेश की सेवा का गर्वपूर्ण मौका बताया।

काजल सिंह ने कहा कि पुलिस विभाग का हिस्सा बनकर आत्मविश्वास बढ़ा है और अब किसी प्रकार का डर नहीं लगता। आरती यादव ने इसे सम्मानजनक अवसर बताते हुए कर्तव्यों के प्रति पूरी निष्ठा से काम करने की बात कही।

उत्साह और ऊर्जा से भरा रहा समारोह

मिर्जापुर की अर्चना गिरी ने इसे जीवन का यादगार पल बताया, वहीं प्रियंका मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री की उपस्थिति ने सभी आरक्षियों में नई ऊर्जा भर दी। अंजलि मौर्य ने भी कहा कि सरकार के नेतृत्व में महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं।

इस दौरान कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। समारोह ने नारी शक्ति के बढ़ते आत्मविश्वास और पुलिस सेवा में महिलाओं की भागीदारी को एक नई पहचान दी।