{"vars":{"id": "130921:5012"}}

41 साल की हो गई, अब मेरी शादी करा दो: युवती ने परिवार पर लगाए गंभीर आरोप
 

 

प्रयागराज: प्रयागराज के सरायइनायत थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां 41 वर्षीय महिला ने अपने ही परिवार पर शादी न कराने, मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर एफआईआर दर्ज करने और अपनी शादी कराने की गुहार लगाई है।

20 साल से अकेले जीवन जी रही महिला

मनापुर उर्फ बगईकला गांव निवासी माधुरी पटेल (41) का कहना है कि वह पिछले 20 वर्षों से परिवार से अलग रह रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके माता-पिता और अन्य परिजन उन्हें लगातार प्रताड़ित करते हैं। उनके अनुसार, परिवार के लोग गाली-गलौज और मारपीट करते हैं, लेकिन शादी की बात आने पर इनकार कर देते हैं।

रिश्ते आते हैं, लेकिन भाई-भाभी मना कर देते हैं

माधुरी का कहना है कि कई बार शादी के रिश्ते आए, लेकिन उनके भाई और भाभी यह कहकर मना कर देते हैं कि शादी में खर्च होगा। वहीं, दूसरी ओर परिवार उनकी जमीन अपने नाम करवाने में रुचि दिखाता है।

खुद मेहनत कर कर रही गुजारा

पीड़िता ने बताया कि परिवार ने कभी आर्थिक मदद नहीं की। वह खुद स्कूल में पढ़ाकर, कपड़ों की दुकान और ब्यूटी पार्लर में काम करके अपना जीवनयापन कर रही हैं।

मारपीट और जान से मारने का आरोप

माधुरी के अनुसार, 27 अप्रैल को जब वह घर में नहा रही थीं, तभी उनके पिता, माता, भाई, भाभी और बहन कमरे में घुस आए और उनके साथ मारपीट की। उन्होंने आरोप लगाया कि सभी ने मिलकर उनकी जान लेने की कोशिश की, जिससे वह किसी तरह बचकर भागीं।

बहनों की भी नहीं हुई शादी

माधुरी ने बताया कि उनकी दो छोटी बहनों की उम्र भी 37 और 34 वर्ष हो चुकी है, लेकिन उनकी भी अब तक शादी नहीं हुई है।

शिक्षित हैं पीड़िता

माधुरी ने ग्रेजुएशन और डीएलएड किया है और शिक्षक भर्ती के लिए CTET और TET परीक्षाओं की तैयारी कर रही हैं। उनके पिता खेती-किसानी करते हैं और करीब 15 बीघा जमीन है।

पुलिस कर रही जांच

इस मामले में थाना प्रभारी संजय गुप्ता का कहना है कि शिकायत मिली है। सभी पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सम्मानजनक जीवन की मांग

माधुरी ने पुलिस से अपील की है कि उनकी शादी किसी अच्छे व्यक्ति से कराई जाए ताकि वह सम्मानपूर्वक जीवन जी सकें।