{"vars":{"id": "130921:5012"}}

CM योगी के बयान पर मौलाना रजवी का जवाब, बोले- गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने में क्या दिक्कत है?
 

 

नई दिल्ली। गाय को भारत का राष्ट्रीय पशु घोषित किए जाने की मांग को लेकर देशभर में राजनीतिक और सामाजिक बहस तेज हो गई है। बकरीद के अवसर पर मुस्लिम समाज के कई लोगों और विभिन्न मौलानाओं ने हाथों में पोस्टर लेकर गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग उठाई थी। इसी बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान के बाद ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी की प्रतिक्रिया सामने आई है।

मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने कहा कि यदि गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित किया जाता है तो इसमें किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मां और बेटे का रिश्ता अटूट होता है और गाय को राष्ट्रीय पशु बनाने से कई सामाजिक समस्याओं का समाधान निकल सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि इस्लाम में गाय के मांस के सेवन को बीमारी का कारण बताया गया है, जबकि गाय के दूध को शिफा यानी स्वास्थ्यवर्धक माना गया है।

दरअसल, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिजनौर दौरे के दौरान गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि “गाय हमारी माता है। ज्ञापन देने के बजाय लोगों को अपने शोहदों को समझाना चाहिए, अन्यथा ऐसी दुर्गति होगी जिसे कई पीढ़ियां याद रखेंगी।”

गौरतलब है कि 28 मई को बकरीद के मौके पर देश के विभिन्न हिस्सों से ऐसी तस्वीरें सामने आई थीं, जिनमें मुस्लिम समुदाय के लोग गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग करते दिखाई दिए थे। इस मांग को जमीयत उलेमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी ने भी समर्थन दिया था। इसके बाद देशभर के कई मुस्लिम संगठनों और लोगों ने भी इस मांग के पक्ष में अपनी राय रखी।