मायावती बोलीं- हमारी सरकार में शुरू हुआ जेवर एयरपोर्ट, देरी के लिए कांग्रेस जिम्मेदार
लखनऊ I मायावती ने जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को लेकर बड़ा दावा करते हुए कहा कि इस परियोजना के सभी जरूरी बुनियादी कार्य उनकी सरकार के दौरान ही शुरू हो गए थे। उन्होंने कहा कि यदि उस समय केंद्र में रही कांग्रेस सरकार ने अड़चनें न डाली होतीं, तो यह एयरपोर्ट काफी पहले ही बनकर तैयार हो गया होता।
मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर बयान जारी करते हुए कहा कि लंबे इंतजार के बाद जेवर एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन हुआ है, लेकिन इसकी रूपरेखा और आधारभूत कार्य बसपा सरकार में ही पूरे किए गए थे।
उन्होंने कांग्रेस के साथ-साथ समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा। उनका कहना था कि सपा सरकार ने विकास कार्यों पर ध्यान देने के बजाय बसपा सरकार द्वारा किए गए कार्यों को निष्क्रिय करने और स्मारकों, संस्थानों व पार्कों की अनदेखी करने में अधिक समय बिताया।
इस बीच, नरेंद्र मोदी ने शनिवार को जेवर एयरपोर्ट के प्रथम चरण का उद्घाटन किया। यह परियोजना उत्तर प्रदेश के लिए एक महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा मानी जा रही है, जिससे क्षेत्र में रोजगार और निवेश के नए अवसर बढ़ने की उम्मीद है।
मायावती ने प्रदेश की जनता से अपील करते हुए कहा कि वे अन्य पार्टियों के बहकावे में न आएं और बसपा की ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ की नीति पर भरोसा करें।
साथ ही उन्होंने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट की अलग बेंच और अलग राज्य की मांग का मुद्दा भी उठाया, जो लंबे समय से क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।