{"vars":{"id": "130921:5012"}}

बिजली संकट पर मायावती का बड़ा बयान, बोलीं- गर्मी में आम जनता बेहाल
 

 

लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट को लेकर योगी सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से पोस्ट कर राज्य सरकार से तत्काल बिजली आपूर्ति सुधारने की अपील की है।

मायावती ने लिखा कि उत्तर प्रदेश जैसे विशाल आबादी वाले राज्य में इस चिलचिलाती गर्मी में बिजली की कमी और लगातार कटौती से आम लोगों, खासकर गरीबों, मध्यम वर्ग, किसानों, छोटे व्यापारियों और मेहनतकश लोगों का जीवन बेहद कष्टदायी हो गया है। उन्होंने कहा कि लोग विभिन्न माध्यमों से अपना आक्रोश जता रहे हैं और मीडिया में भी इसकी लगातार चर्चा हो रही है।

उन्होंने आगे अपील की कि सरकार लोगों की इन परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए तुरंत जरूरी उपाय करे। साथ ही नए पावर प्लांट स्थापित करने समेत लंबी अवधि की योजनाओं के माध्यम से बिजली आपूर्ति की स्थिति को मजबूत करने का प्रयास करे।

आंधी-तूफान पीड़ितों के लिए भी की अपील

इससे पहले मायावती ने प्रदेश के कई हिस्सों में आए जबरदस्त आंधी-तूफान से हुई जान-माल की भारी क्षति पर चिंता जताई थी। उन्होंने राज्य सरकार से आग्रह किया था कि प्रभावित परिवारों की मदद के लिए पूरी उदारता बरते और हर संभव सहायता प्रदान करे, ताकि वे अपना उजड़ा जीवन फिर से संवार सकें।

केंद्र सरकार पर महंगाई को लेकर हमला

मायावती ने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधते हुए पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी की आलोचना की। उन्होंने कहा कि पेट्रोलियम उत्पादों के मूल्य में लगातार वृद्धि गरीबों, किसानों, मध्यम वर्ग और मेहनतकश परिवारों पर भारी पड़ रही है। 

उन्होंने लिखा कि केंद्र द्वारा पेट्रोल-डीजल के दामों में तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी से करोड़ों परिवारों का जीवन और अधिक दुष्कर हो जाएगा। मायावती ने केंद्र से मांग की कि महंगाई नियंत्रित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

राजनीतिक गलियारों में मायावती के इन लगातार पोस्ट्स को आगामी चुनावी रणनीति के तहत विपक्षी स्वर के रूप में देखा जा रहा है।