{"vars":{"id": "130921:5012"}}

मेरठ में तेज रफ्तार का कहर: कारोबारी के बेटों की इनोवा कार ने 7 पुलिसकर्मियों को मारी टक्कर, दो की हालत गंभीर

 

उत्तर प्रदेश के मेरठ में रफ्तार के नशे में चूर दो भाइयों की लापरवाही सात पुलिसकर्मियों पर भारी पड़ गई। दिल्ली हाईवे पर तेज रफ्तार इनोवा कार ने सड़क किनारे खड़े सात पुलिसकर्मियों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक कांस्टेबल का पैर टूट गया, जबकि अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है।

जानकारी के अनुसार, ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के बिजली बंबा रोड स्थित सुपरटेक पामग्रीन निवासी ऑटो पार्ट्स कारोबारी रमन जोली के बेटे नमन जोली और अमन जोली शनिवार देर रात अपनी इनोवा और थार गाड़ी से दिल्ली हाईवे पर रेस लगा रहे थे। दोनों एक-दूसरे को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान इनोवा चला रहे नमन जोली का वाहन अनियंत्रित हो गया।

सड़क किनारे खड़े पुलिसकर्मियों को मारी टक्कर

घटना रात करीब ढाई बजे की बताई जा रही है। ब्रह्मपुरी थाने की पुलिस टीम गश्त पर निकली हुई थी। टीपी नगर गेट के सामने हनुमान मंदिर के पास पुलिसकर्मी अपनी जीप के निकट खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान डायल-112 के दो पुलिसकर्मी भी बाइक से वहां पहुंच गए थे।

तभी तेज रफ्तार इनोवा कार ने सड़क किनारे खड़े सभी पुलिसकर्मियों को टक्कर मार दी और आगे खड़ी पुलिस जीप से जा भिड़ी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटा से अधिक थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कुछ पुलिसकर्मी कई फीट दूर जाकर गिरे और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सात पुलिसकर्मी घायल, दो की हालत गंभीर

हादसे में कांस्टेबल लोकेन्द्र पंवार, सतेंद्र कुमार, विक्रम सिंह, कपिल भाटी, राजेश कुमार और हेड कांस्टेबल रविन्द्र मलिक समेत सात पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी को पहले नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें न्यूटिमा अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घायल हेड कांस्टेबल रविन्द्र मलिक के पैर में फ्रैक्चर हुआ है और उनका ऑपरेशन किया गया है। वहीं दो पुलिसकर्मियों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर भेजा गया है।

CCTV में कैद हुआ हादसा

सोमवार को घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया, जिसमें तेज रफ्तार इनोवा कार पुलिसकर्मियों को टक्कर मारते हुए दिखाई दे रही है। वीडियो में हादसे की भयावहता साफ नजर आ रही है।

दोनों आरोपी गिरफ्तार

ब्रह्मपुरी क्षेत्राधिकारी सौम्या अस्थाना ने बताया कि हादसे में शामिल दोनों वाहनों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। आरोपित नमन जोली और अमन जोली को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

उन्होंने बताया कि घायल पुलिसकर्मियों को पांच दिन की छुट्टी दी गई है और उनके इलाज की लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।