{"vars":{"id": "130921:5012"}}

मिर्जापुर: कैशवैन लूट के फरार आरोपियों पर ढाई लाख का इनाम घोषित

 

Mirzapur : कटरा कोतवाली क्षेत्र में वर्ष 2023 में हुई चर्चित कैशवैन लूट और गार्ड की हत्या के मामले में फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। इस सनसनीखेज वारदात में शामिल तीन आरोपियों पर उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने इनाम की राशि बढ़ाकर ढाई लाख रुपये कर दी है। पहले इन आरोपियों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।

यह मामला 12 सितंबर 2023 का है, जब कटरा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत एक्सिस बैंक के सामने दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने कैशवैन को निशाना बनाया था। बदमाशों ने सुरक्षा गार्ड जय सिंह को गोली मारकर हत्या कर दी थी और कैशवैन से 39 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक केवल एक आरोपी की गिरफ्तारी हो सकी है, जबकि तीन आरोपी अभी भी फरार चल रहे हैं। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए मिर्जापुर पुलिस के साथ-साथ वाराणसी जोन पुलिस और लखनऊ एसटीएफ की टीमों को लगाया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) नितेश सिंह ने बताया कि कर्नाटक पुलिस की ओर से भी इन आरोपियों पर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था, लेकिन अब तक गिरोह के सरगना आलोक उर्फ अंबानी, निवासी महिसौर जनधाना, उसके साथी अमन (निवासी फतेहपुर, जिला वैशाली) और आनंद मोहन की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और संभावित ठिकानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।