{"vars":{"id": "130921:5012"}}

प्रेमी संग रंगे हाथ पकड़ी गई मां, राज खुलने के डर से करवाया मासूम बेटी का रेप, पिता की शिकायत पर FIR दर्ज
 

 

सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाला बेहद गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि एक मां ने अपने प्रेम संबंध को छिपाने और बेटी के पिता को इसकी जानकारी देने से रोकने के लिए अपनी ही 13 वर्षीय बेटी को यौन हिंसा का शिकार बनवा दिया। मामले में न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने आरोपी मां और उसके प्रेमी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, पीड़िता के पिता जयराम रोजी-रोटी के सिलसिले में मुंबई में काम करते हैं। गांव में उनकी पत्नी और 13 वर्षीय बेटी रहती थी। आरोप है कि 26 जून की शाम मां ने सामान लाने के बहाने बेटी को घर से बाहर भेज दिया और इसी दौरान अपने प्रेमी तसव्वुर को घर बुलाया।

बेटी जब सामान लेकर अचानक घर वापस लौटी तो उसने अपनी मां और तसव्वुर को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। बच्ची ने कथित तौर पर यह बात अपने पिता को मुंबई में बताने की बात कही। आरोप है कि इसके बाद मां ने उसे डराने-धमकाने का प्रयास किया, लेकिन जब बच्ची नहीं मानी तो उसने अपने प्रेमी को बेटी के साथ भी जबरदस्ती करने के लिए उकसाया।

आरोप है कि इसके बाद तसव्वुर ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। मामले में बच्ची की मां पर भी अपराध में सहयोग करने का गंभीर आरोप लगाया गया है।

पिता ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया

घटना की जानकारी मिलने के बाद बच्ची के पिता ने न्याय के लिए न्यायालय का रुख किया। न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने आरोपी मां और उसके प्रेमी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस के मुताबिक, पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना सामने आने के बाद इलाके में सनसनी और आक्रोश का माहौल है। नाबालिग के साथ हुई कथित दरिंदगी ने मां-बेटी के रिश्ते को भी सवालों के घेरे में ला दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।