निवेश मित्र 3.0 लॉन्च: एक ही प्लेटफॉर्म पर कई मंजूरियां, यूपी सरकार की नई पहल
Lucknow : उत्तर प्रदेश में निवेश को बढ़ावा देने के लिए बड़ा डिजिटल कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को लोकभवन में उन्नत डिजिटल प्लेटफॉर्म निवेश मित्र 3.0 का शुभारंभ किया। राज्य सरकार के अनुसार यह प्लेटफॉर्म निवेशकों को तेज, पारदर्शी और उपयोगकर्ता-अनुकूल अनुभव देने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।
सरकार का कहना है कि यह पहल ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है और इससे निवेश प्रक्रिया पहले से अधिक सरल और प्रभावी बनेगी।
निवेशकों के लिए आसान और प्रभावी अनुभव
‘निवेश मित्र 3.0’ में एआई आधारित चैटबॉट की सुविधा दी गई है, जिससे निवेशकों को तुरंत सहायता मिल सकेगी। इसके साथ ही आवेदन की स्थिति की जानकारी देने के लिए रियल-टाइम एसएमएस अलर्ट सिस्टम भी जोड़ा गया है, जिससे निवेशकों को हर चरण की जानकारी तुरंत मिलती रहेगी।
इस पोर्टल की प्रमुख विशेषता डायनामिक कंबाइंड एप्लीकेशन फॉर्म (CAF) है, जिसके जरिए विभिन्न विभागों की अनुमतियां एक ही स्थान से प्राप्त की जा सकती हैं। इससे निवेशकों को अलग-अलग विभागों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और समय की बचत होगी।
जीआईएस लैंड बैंक से आसान होगा भूमि चयन
निवेशकों के लिए भूमि चयन की प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए प्लेटफॉर्म में जीआईएस आधारित लैंड बैंक भी शामिल किया गया है। इसके जरिए निवेशक अपनी जरूरत के अनुसार प्रदेश में उपयुक्त जमीन की पहचान आसानी से कर सकेंगे।
‘निवेश मित्र 3.0’ को National Single Window System से जोड़ा गया है, जिससे केंद्र और राज्य स्तर की मंजूरियों में बेहतर समन्वय और तेजी आएगी। यह सुविधा विशेष रूप से बड़े निवेश प्रोजेक्ट्स के लिए उपयोगी मानी जा रही है।
प्रक्रियाओं में बड़ा सरलीकरण
राज्य सरकार के अनुसार निवेश प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए कई सुधार किए गए हैं। आवेदन प्रक्रिया से जुड़ी विभागीय कार्यवाही में 25%, दस्तावेजों में 15% और अन्य प्रक्रियात्मक चरणों में करीब 20% तक कमी की गई है। इससे अनुमोदन प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और समयबद्ध होने की उम्मीद है।
वर्ष 2018 में शुरू हुए ‘निवेश मित्र’ पोर्टल ने पहले ही अपनी उपयोगिता साबित की है। अब तक इस प्लेटफॉर्म पर 21 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से करीब 97% का निस्तारण किया जा चुका है। राज्य सरकार का मानना है कि डिजिटल पहल, पारदर्शी नीतियां और निवेशक-हितैषी माहौल के चलते उत्तर प्रदेश देश के प्रमुख निवेश गंतव्यों में तेजी से उभर रहा है और ‘निवेश मित्र 3.0’ इस दिशा में एक अहम कदम साबित होगा।