{"vars":{"id": "130921:5012"}}

लोकभवन से ‘निवेश मित्र 3.0’ की शुरुआत, UP में निवेश बढ़ाने और उद्योग स्थापना को मिलेगी नई रफ्तार
 

 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने मंगलवार को लोकभवन में एआई-आधारित उन्नत सिंगल विंडो पोर्टल ‘निवेश मित्र 3.0’ का शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य प्रदेश में निवेश को बढ़ावा देना, उद्योग स्थापना की प्रक्रिया को सरल बनाना और उत्तर प्रदेश को 10 खरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य को गति देना है। इसी अवसर पर यूपी प्राइवेट बिजनेस पार्क डेवलपमेंट स्कीम-2025 का भी शुभारंभ किया गया। 

कार्यक्रम के दौरान मैन्युफैक्चरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, फूड प्रोसेसिंग और ऑटोमोबाइल समेत विभिन्न क्षेत्रों की 85 कंपनियों को लेटर्स ऑफ कम्फर्ट, एलिजिबिलिटी सर्टिफिकेट और भूमि आवंटन पत्र प्रदान किए गए। इसके साथ ही कंपनियों को कुल 2,781.12 करोड़ रुपये की सब्सिडी भी दी जाएगी, जिससे औद्योगिक निवेश को और प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

सरकार ने डीबीएफओटी (PPP) मॉडल पर आधारित प्लग-एंड-प्ले इंडस्ट्रियल शेड्स योजना भी शुरू की है। इस योजना के तहत निवेशकों को पहले से तैयार औद्योगिक ढांचा मिलेगा, जिससे वे तुरंत उत्पादन शुरू कर सकेंगे और उद्योग स्थापित करने में लगने वाला समय कम होगा। 

इसके अलावा इन्वेस्ट यूपी द्वारा दो कंपनियों के साथ एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट सेल और द कन्वर्जेंस फाउंडेशन के साथ स्किल कनेक्ट सेल के लिए एमओयू किया जाएगा, जिससे उद्यमिता और कौशल विकास को बढ़ावा मिलेगा।

इस कार्यक्रम में प्रदेश के वित्त मंत्री Suresh Khanna, औद्योगिक विकास मंत्री Nand Gopal Gupta Nandi सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और उद्योग जगत के प्रतिनिधि मौजूद रहे।