3 महीने से बेटे का सुराग नहीं, प्रेमानंद महाराज के आश्रम के बाहर धरने पर बैठा परिवार; लगाए गंभीर आरोप
मथुरा। हाथरस जिले के सादाबाद क्षेत्र के बरामई खेड़ा गांव का रहने वाला 16 वर्षीय अनुज चौधरी पिछले करीब तीन महीने से लापता है। बेटे की तलाश में परेशान परिजन शुक्रवार को वृंदावन स्थित केली कुंज आश्रम के बाहर धरने पर बैठ गए। परिजनों का कहना है कि जब तक अनुज का पता नहीं चलता, वे अपना विरोध जारी रखेंगे।
दीक्षा लेने के पांच दिन बाद घर से निकला था अनुज
अनुज के पिता राजवीर सिंह के मुताबिक, उनका बेटा इंटरमीडिएट का छात्र है और चार बहनों का इकलौता भाई है। वह वृंदावन के पास पानी गांव स्थित अपने ननिहाल आता-जाता रहता था। इसी दौरान वह केली कुंज आश्रम पहुंचा और संत प्रेमानंद महाराज से दीक्षा ली थी।
परिजनों के अनुसार, दीक्षा लेने के करीब पांच दिन बाद अनुज कंठी-माला और तीन किताबें लेकर महाराज के दर्शन करने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिवार का दावा है कि करीब तीन महीने से अनुज से उनका कोई संपर्क नहीं हुआ है।
परिजनों ने आश्रम प्रबंधन पर लगाए आरोप
अनुज की तलाश को लेकर उसके पिता, मां, दादी, चार बहनें, चाचा और गांव के अन्य लोग आश्रम के बाहर पहुंचे। अनुज की दादी ने आरोप लगाया कि पूछताछ के लिए आश्रम पहुंचने पर उन्हें बाहर निकाल दिया गया और कथित तौर पर सीसीटीवी फुटेज भी नहीं दिखाया गया।
हालांकि, ये आरोप परिजनों की ओर से लगाए गए हैं और मामले की पुलिस जांच जारी है।
पुलिस ने आश्रम पहुंचकर खंगाले रिकॉर्ड
धरने की सूचना मिलने पर वृंदावन सीओ संदीप सिंह और कोतवाली प्रभारी अश्वनी कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत की और आश्रम के अंदर जाकर दीक्षा से जुड़े रिकॉर्ड की भी जानकारी ली।
आश्रम के एक साधक के अनुसार, अनुज की तस्वीर आश्रम के सेवादारों के ग्रुप में साझा की गई है। गुरु पूर्णिमा के दौरान भी उसकी तलाश की गई थी, लेकिन अब तक उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।
आश्रम बोला—परिवार की मदद के लिए तैयार
आश्रम प्रबंधन की ओर से कहा गया है कि अनुज की तलाश में परिवार और पुलिस की हर संभव मदद की जाएगी। वहीं, परिजन इस जवाब से संतुष्ट नहीं हैं और अनुज को जल्द खोजने की मांग कर रहे हैं।