{"vars":{"id": "130921:5012"}}

15 जून से उड़ान भरेगा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट: इंडिगो की पहली फ्लाइट, 17 उड़ानों से होगी शुरुआत
 

 

नोएडा: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 15 जून 2026 से व्यावसायिक उड़ान सेवाएं शुरू होने जा रही हैं। शुक्रवार को एयरपोर्ट प्रबंधन ने इसकी आधिकारिक घोषणा की। पहली कमर्शियल फ्लाइट इंडिगो द्वारा संचालित की जाएगी। इसके बाद अकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस भी अपनी सेवाएं शुरू करेंगी।

एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, अब तक करीब 70 उड़ानों के प्रस्ताव मिल चुके हैं, जिससे देश के प्रमुख शहरों के लिए कनेक्टिविटी सुनिश्चित होने की उम्मीद है। शुरुआत में 17 फ्लाइट्स संचालित करने का प्रस्ताव रखा गया है। संबंधित मंजूरी के बाद टिकट बुकिंग प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

यीडा और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (नायल) के सीईओ राकेश कुमार सिंह ने बताया कि समय पर उड़ान संचालन शुरू करने के लिए सभी स्तरों पर तेजी से काम किया जा रहा है।

गौरतलब है कि 28 मार्च 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस एयरपोर्ट का उद्घाटन किया था। पहले चरण में 1334 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित इस परियोजना में 3900 मीटर लंबा रनवे, यात्री टर्मिनल, एटीसी और कार्गो हब तैयार हो चुके हैं, जबकि अंतरराष्ट्रीय टर्मिनल का कार्य जारी है।

यह एयरपोर्ट न केवल यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं देगा, बल्कि सरकार की आय का बड़ा स्रोत भी बनेगा। नायल को प्रति यात्री करीब 496 रुपये की आय होने का अनुमान है। अगले 30 वर्षों में इस परियोजना से कुल आय एक लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है।

एयरपोर्ट के चलते यमुना सिटी क्षेत्र में तेजी से विकास हो रहा है और जमीन की मांग भी बढ़ी है। अधिकारियों के मुताबिक, निष्क्रिय परियोजनाओं पर सख्ती के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं, जिससे क्षेत्र में निवेश और विकास को गति मिली है।