{"vars":{"id": "130921:5012"}}

Noida Protest: नोएडा में 5वें दिन भी श्रमिकों का प्रदर्शन, सेक्टर 121 और फेज-2 में बवाल; पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले
 

 

नोएडा: वेतन वृद्धि की मांग को लेकर श्रमिकों का प्रदर्शन मंगलवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। पुलिस ने पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है, बावजूद इसके कई इलाकों से हिंसा और झड़प की घटनाएं सामने आई हैं। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है।

सेक्टर 121 में पत्थरबाजी, पुलिस की सख्ती

सेक्टर 121 में प्रदर्शनकारियों ने पत्थरबाजी कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी। गलियों में उतरकर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है और उन्हें हिरासत में लिया जा रहा है। पुलिस की कार्रवाई के बाद इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है।

गढ़ी चौखंडी में आंसू गैस और हवाई फायरिंग

गढ़ी चौखंडी के पास प्रदर्शनकारियों को काबू में करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और हवाई फायरिंग भी की। पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के अनुसार, सोमवार की हिंसा के मामले में 7 मुकदमे दर्ज किए गए हैं और 300 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है। हिंसा भड़काने वालों की पहचान भी की जा रही है।

फेज-2 में फिर भड़का प्रदर्शन

सोमवार की हिंसा के बाद मंगलवार को नोएडा फेज-2 में एक बार फिर प्रदर्शनकारियों ने इकट्ठा होकर पत्थरबाजी की। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित किया गया और प्रदर्शनकारियों को खदेड़ दिया गया।

सेक्टर-74 में सुरक्षाकर्मी और सफाईकर्मी का प्रदर्शन

सेक्टर-74 स्थित केपटाउन सोसायटी के सामने सुरक्षाकर्मी और सफाईकर्मी एकजुट होकर सड़क पर उतर आए। उन्होंने सड़क जाम करने की कोशिश की और कहा कि 12 घंटे की ड्यूटी के बावजूद मिलने वाला वेतन घर चलाने के लिए पर्याप्त नहीं है।

सेक्टर 63 में कंपनी बंद, गेट पर नोटिस

सेक्टर 63 के डी ब्लॉक स्थित एक औद्योगिक इकाई में कर्मचारियों के प्रदर्शन के बाद प्रबंधन ने दो दिन की छुट्टी का नोटिस लगा दिया है। कंपनी के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

मदरसन कंपनी के बाहर कड़ी सुरक्षा

नोएडा फेज-2 स्थित मदरसन कंपनी के बाहर भी पुलिस बल तैनात किया गया है। सोमवार को यहां भी कर्मचारियों ने उग्र प्रदर्शन किया था, जिसके बाद प्रबंधन ने सुरक्षा की मांग की थी।

ग्रेटर नोएडा में भी प्रदर्शन

ग्रेटर नोएडा के इकोटेक-3, इकोटेक-11 और सूरजपुर औद्योगिक क्षेत्रों में भी श्रमिकों ने आंशिक प्रदर्शन किया। हालांकि, पुलिस की निगरानी में प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त करा दिया गया।

डीजीपी की अपील

उत्तर प्रदेश के डीजीपी राजीव कृष्ण ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रशासन श्रमिकों और प्रबंधन के बीच समन्वय बनाकर समाधान निकालने की कोशिश कर रहा है।

फिलहाल, प्रदेश सरकार द्वारा न्यूनतम वेतन में 21% बढ़ोतरी का फैसला लिया गया है, लेकिन इसके बावजूद श्रमिकों का आक्रोश थमता नजर नहीं आ रहा है। प्रशासन का कहना है कि हालात पर पूरी नजर रखी जा रही है और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पर्याप्त बल तैनात है।