अब सरकार की हर बड़ी योजना पहुंचेगी सीधे आपके मोबाइल तक, लॉन्च हुआ ‘सूचना प्रवाह’
उत्तर प्रदेश सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने ‘सूचना प्रवाह’ नाम से अपना आधिकारिक यूट्यूब चैनल लॉन्च किया है। इस मंच के जरिए सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों, महत्वपूर्ण फैसलों और जनहित कार्यक्रमों की प्रमाणिक और त्वरित जानकारी वीडियो के माध्यम से आम लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
UP Suchna Pravah: उत्तर प्रदेश सरकार ने डिजिटल माध्यमों के जरिए आम लोगों तक सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी पहुंचाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने शुक्रवार को अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल ‘सूचना प्रवाह’ का शुभारंभ किया। इस मंच के जरिए प्रदेश सरकार की योजनाओं, महत्वपूर्ण निर्णयों, विकास परियोजनाओं और जनहित कार्यक्रमों की प्रमाणिक जानकारी सीधे जनता तक पहुंचाई जाएगी।
लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में सूचना निदेशक विशाल सिंह और अपर सूचना निदेशक अरविंद कुमार मिश्र ने चैनल का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर निर्माता फिल्म अभय कुमार श्रीवास्तव, फिल्म निर्माण प्रबंधक संदीप पांडेय सहित विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
क्या है ‘सूचना प्रवाह’?
‘सूचना प्रवाह’ उत्तर प्रदेश सूचना एवं जनसंपर्क विभाग का आधिकारिक डिजिटल मंच है। इस चैनल पर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों, नीतिगत फैसलों, उपलब्धियों और जनहित से जुड़ी गतिविधियों की तथ्यपरक और प्रमाणिक जानकारी नियमित रूप से साझा की जाएगी।
इसके अलावा विभाग द्वारा तैयार किए गए वृत्तचित्र, विशेष रिपोर्ट, प्रेरणादायी वीडियो, सरकारी अभियान और महत्वपूर्ण आयोजनों का भी प्रसारण इसी मंच के माध्यम से किया जाएगा।
सरकार और जनता के बीच बनेगा मजबूत सेतु
सूचना निदेशक विशाल सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल मीडिया जनसंचार का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुका है। ऐसे में ‘सूचना प्रवाह’ सरकार और जनता के बीच संवाद को और मजबूत बनाने का काम करेगा। उन्होंने कहा कि इस मंच पर लोगों को सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की विश्वसनीय जानकारी सरल और आकर्षक तरीके से उपलब्ध कराई जाएगी।
आधुनिक तकनीक के साथ आगे बढ़ रहा विभाग
अपर सूचना निदेशक अरविंद कुमार मिश्र ने कहा कि सूचना विभाग समय के साथ आधुनिक तकनीकों को अपनाते हुए जनसंचार के नए आयाम स्थापित कर रहा है। ‘सूचना प्रवाह’ के माध्यम से प्रदेश की विकास यात्रा, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और शासन की उपलब्धियों को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस पहल से नागरिकों को सरकारी योजनाओं की सही और समयबद्ध जानकारी मिल सकेगी, जिससे योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचेगा।
मिलेगी प्रमाणिक और तुरंत जानकारी
सूचना विभाग का मानना है कि ‘सूचना प्रवाह’ केवल एक यूट्यूब चैनल नहीं, बल्कि जनहित की सूचनाओं का भरोसेमंद डिजिटल मंच साबित होगा। इसके जरिए सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी तेज़ी से लोगों तक पहुंचेगी और शासन तथा आमजन के बीच संवाद को नई मजबूती मिलेगी।