{"vars":{"id": "130921:5012"}}

OBC समाज बसपा का साथ दे, 2027 में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाए: मायावती
 

 

लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने ओबीसी समाज से एक बार फिर बसपा के साथ जुड़ने की अपील करते हुए कहा है कि वर्ष 2007 की तरह 2027 के विधानसभा चुनाव में भी ओबीसी समाज बसपा को पूर्ण बहुमत दिलाकर सरकार बनाए। उन्होंने दावा किया कि अन्य राजनीतिक दलों ने ओबीसी समाज का केवल सत्ता प्राप्ति के लिए इस्तेमाल किया, जबकि बसपा ने उन्हें संगठन और सरकार दोनों में सम्मानजनक भागीदारी दी।

मायावती इन दिनों 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर लगातार समीक्षा बैठकें कर रही हैं। इसी क्रम में उन्होंने ओबीसी भाईचारा कमेटी के कार्यों, संगठन विस्तार और जनाधार बढ़ाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत समीक्षा की।

उन्होंने कहा कि पिछले अनुभवों के आधार पर यह स्पष्ट है कि ओबीसी समाज का वास्तविक हित और कल्याण बसपा तथा उनकी सरकार में ही सुरक्षित है। उन्होंने आरोप लगाया कि अन्य दलों ने कभी भी ओबीसी समाज को संगठन और सत्ता में उसका उचित प्रतिनिधित्व नहीं दिया। चुनावी लाभ के समय ही उन्हें आगे बढ़ाने की कोशिश की जाती है, लेकिन उनके सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक विकास के लिए कोई ठोस प्रयास नहीं किए जाते।

मायावती ने कहा कि मंडल आयोग की सिफारिशों के तहत 27 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का कई दलों ने विरोध किया था। वर्तमान सरकारों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि संविदा और ठेके पर नौकरियां देकर आरक्षण व्यवस्था को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि मंडल आयोग की रिपोर्ट को लागू कराने में बसपा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

बसपा प्रमुख ने कहा कि उनकी सरकार ने ओबीसी समाज को उसका वाजिब हक दिलाने का काम किया। साथ ही महात्मा ज्योतिबा फुले, राजर्षि छत्रपति शाहूजी महाराज और श्री नारायण गुरु जैसे ओबीसी समाज के महान संतों, गुरुओं और महापुरुषों को उचित सम्मान दिया।

उन्होंने बताया कि दलितों और पिछड़े वर्गों के सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक उत्थान के लिए बसपा सरकार ने अलग-अलग मंत्रालय, आयोग, मंत्री और विशेष विकास योजनाओं की शुरुआत की थी। जबकि अन्य सरकारों में ऐसी योजनाएं केवल कागजों तक सीमित रह गईं।

अपने संदेश में मायावती ने ओबीसी समाज से आह्वान करते हुए कहा कि केवल शिकायत करने से समस्याओं का समाधान नहीं होगा। सत्ता की मास्टर चाबी अपने हाथ में लेकर ही समाज अपनी स्थिति बदल सकता है। उन्होंने कहा कि बसपा को सत्ता में पहुंचाकर शोषित वर्ग को शासक बनने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।