{"vars":{"id": "130921:5012"}}

भाभी संग रिश्ते में बना रोड़ा, बड़े भाई को तड़पा-तड़पाकर मारा; लाश के पास बैठकर बहाए आंसू
 

 

आगरा। सदर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुरा इलाके में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक युवक की हत्या उसके ही सगे भाई ने कथित तौर पर भाभी के साथ अवैध संबंधों के चलते कर दी। पुलिस मामले में मृतक की पत्नी की भूमिका की भी जांच कर रही है।

बुधवार सुबह सुल्तानपुरा क्षेत्र के एक खेत में 22 वर्षीय अमित उर्फ सोमू का रक्तरंजित शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। अमित आगरा कैंट क्षेत्र के एक रेस्तरां में काम करता था। उसके सिर पर गंभीर चोटों के निशान मिले थे। प्रारंभिक जांच में मृतक के छोटे भाई भोलू ने हत्या का शक अमित के एक सहकर्मी पर जताया था, लेकिन पुलिस जांच में कहानी कुछ और ही निकली।

घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर पुलिस को अहम सुराग मिले। फुटेज में अमित के घर से निकलने के बाद भोलू को उसके पीछे जाते देखा गया। एक अन्य फुटेज में वारदात के बाद भोलू को घबराई हालत में वहां से भागते हुए देखा गया। अंतिम संस्कार के बाद पुलिस ने भोलू से सख्ती से पूछताछ की, जिसके बाद उसने हत्या की बात कबूल कर ली।

पूछताछ में भोलू ने बताया कि अमित की शादी 19 फरवरी को प्रेमनगर निवासी खुशी से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद उसके और भाभी खुशी के बीच अवैध संबंध बन गए थे। तीन दिन पहले अमित ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था, जिसके बाद भाइयों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि खुशी ने ही भोलू को अमित को रास्ते से हटाने के लिए उकसाया।

पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह अमित काम पर जाने के लिए निकला था। रास्ते में वह एक खेत में शौच के लिए रुका। इसी दौरान पीछे-पीछे पहुंचे भोलू ने पास में पड़े पत्थर से उसके सिर और चेहरे पर कई वार किए। अमित के बेसुध होने पर उसने गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने हाथ-मुंह धोकर कपड़े साफ किए, घर पहुंचकर कपड़े बदले और बाद में लोगों के बीच शामिल होकर रोने का नाटक करता रहा।

पुलिस का कहना है कि भोलू को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, मृतक की पत्नी खुशी की भूमिका की भी जांच की जा रही है। यदि साक्ष्य मिले तो उसे भी इस मामले में आरोपी बनाया जाएगा। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।