{"vars":{"id": "130921:5012"}}

NEET मुद्दे पर बोले ओमप्रकाश राजभर: छात्रों की मांग जायज, लेकिन राहुल-अखिलेश...
 

 

वाराणसी। उत्तर प्रदेश सरकार के पंचायतीराज मंत्री एवं प्रदेश के प्रभारी मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने दिल्ली में NEET अभ्यर्थियों की ओर से परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को उचित बताया, लेकिन राहुल गांधी और अखिलेश यादव के आंदोलन को पूरी तरह राजनीतिक करार देते हुए उन पर तीखा हमला बोला।

मीडिया से बातचीत में राजभर ने कहा कि छात्रों की मांग जायज है और किसी भी कीमत पर पेपर लीक नहीं होना चाहिए। हालांकि उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष छात्रों के मुद्दे पर राजनीति कर रहा है। उन्होंने कहा कि छात्र केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांगने गए थे, लेकिन प्रदर्शन के दौरान देशविरोधी नारे लगाए गए।

राजभर ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी, आजाद समाज पार्टी और समाजवादी पार्टी के नेता छात्रों को उकसाने के लिए पहुंचे, लेकिन लाठीचार्ज होने पर उन्हें छोड़कर वहां से चले गए। उन्होंने कहा कि छात्रों पर लाठीचार्ज का वह समर्थन नहीं करते, लेकिन जो लोग छात्रों को भड़काते हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके शासनकाल में खुलेआम नकल और पेपर लीक की घटनाएं होती थीं, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाया गया है। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार नकलविहीन परीक्षाएं करा रही है और पेपर लीक के मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

इस दौरान ओमप्रकाश राजभर ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर से खुरपका-मुंहपका (FMD) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ भी किया। उन्होंने टीकाकरण टीमों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और पौधरोपण व जल संरक्षण का संदेश दिया।

प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए राजभर ने कहा कि सड़क सुरक्षा व्यवस्था में सुधार हुआ है, जिला अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर हुई हैं तथा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे बनने से राजधानी तक पहुंच आसान हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अधिकांश घरों में शौचालय बन चुके हैं और सरकार विकास तथा सुशासन के एजेंडे पर लगातार काम कर रही है।