ओम प्रकाश राजभर का अखिलेश पर बड़ा हमला, बोले- 2027 में फिर हारेगी सपा; योगी सरकार की कानून-व्यवस्था को सराहा
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने शुक्रवार को अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा) और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। वहीं, उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर योगी सरकार की तारीफ की।
राजभर ने कहा कि सपा सरकार के मुकाबले योगी सरकार में कानून-व्यवस्था लाख गुना बेहतर हुई है। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार में अपराध होने के 48 घंटे के भीतर अपराधी या तो जेल पहुंच जाता है या फिर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होती है।
ओबीसी आरक्षण को लेकर सपा पर सवाल
सुभासपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सपा ने पिछड़ी जातियों के अधिकारों के लिए कोई ठोस पहल नहीं की। उन्होंने कहा कि नाई, प्रजापति, विश्वकर्मा, लोहार, राजभर, चौहान, निषाद, बिंद और मल्लाह जैसी जातियों को 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण में उनका उचित हिस्सा दिलाने के लिए अखिलेश यादव ने कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया।
राजभर ने सपा के पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) के नारे पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि ओबीसी आरक्षण के वर्गीकरण और रोहिणी आयोग की रिपोर्ट लागू कराने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर सपा का रुख स्पष्ट नहीं है।
उन्होंने दावा किया कि 2017 और 2022 की तरह 2027 के विधानसभा चुनाव में भी सपा को हार का सामना करना पड़ेगा। राजभर ने कहा कि पार्टी के कुछ सलाहकार उसे सही दिशा देने के बजाय भटका रहे हैं।
लापरवाह अधिकारियों को दी चेतावनी
अपने विभाग से जुड़े कामकाज पर राजभर ने अधिकारियों को भी सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि प्रमुख सचिव या निदेशक स्तर के अधिकारी यदि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही करते हैं तो इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मंत्री ने बताया कि लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लिखित शिकायत की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र लोगों तक पहुंचना चाहिए और इसके लिए अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
मायावती को लेकर बोले- 'शेर खामोश है तो शिकार की तैयारी में है'
बसपा सुप्रीमो मायावती की राजनीतिक सक्रियता को लेकर पूछे गए सवाल पर राजभर ने कहा कि “शेर जब खामोश होता है तो वह शिकार की तैयारी में होता है।”