सावन के पहले सोमवार पर केदारेश्वर मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, 'हर-हर महादेव' से गूंजा इटावा
इटावा। सावन के पहले सोमवार पर इटावा स्थित केदारनाथ धाम की तर्ज पर बने भव्य केदारेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। रविवार देर रात से ही कांवड़ियों और शिव भक्तों का मंदिर पहुंचना शुरू हो गया था। ढोल-नगाड़ों, शंखध्वनि और "हर-हर महादेव" के जयघोष के बीच भोर से भगवान शिव का जलाभिषेक और विशेष पूजन-अर्चन का सिलसिला शुरू हो गया।
मंदिर परिसर में सावन के पहले सोमवार को आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बेलपत्र, दूध, जल और धतूरा अर्पित कर भगवान भोलेनाथ से सुख-समृद्धि और परिवार के कल्याण की कामना की। दर्शन के लिए सुबह से ही मंदिर परिसर में लंबी कतारें लगी रहीं।
अभिषेक 'अंशुल' यादव ने पत्नी के साथ किया विशेष हवन-पूजन
सोमवार सुबह केदारेश्वर मंदिर में विशेष हवन, यज्ञ और कलश पूजन का आयोजन किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के चचेरे भाई एवं जिला पंचायत अध्यक्ष अभिषेक 'अंशुल' यादव अपनी पत्नी के साथ शामिल हुए। अभिषेक यादव हाथों में भगवान की प्रतिमा लेकर पहुंचे, जबकि उनकी पत्नी सिर पर कलश रखकर पूजा स्थल तक पहुंचीं। दोनों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना और जलाभिषेक कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की।
देर रात हुई भव्य आरती, गूंजा 'हर-हर महादेव'
रविवार देर रात मंदिर परिसर में ढोल-नगाड़ों और शंखध्वनि के बीच भव्य आरती का आयोजन किया गया। आरती में बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालुओं और कांवड़ियों ने भाग लिया। पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल देखने को मिला और श्रद्धालु भगवान शिव की भक्ति में लीन नजर आए।
अन्य प्रमुख शिवालयों में भी उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
केदारेश्वर मंदिर के अलावा इटावा जिले के अन्य प्रमुख शिवालयों में भी सावन के पहले सोमवार पर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। नीलकंठ मंदिर, प्राचीन शिव मंदिर, प्रसिद्ध टिक्सी मंदिर और सरईनावर स्थित हजारी महादेव मंदिर में सुबह से ही बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे। श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक और रुद्राभिषेक कर भगवान आशुतोष का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा परिवार की खुशहाली और मंगलकामना की।