{"vars":{"id": "130921:5012"}}

UPPCS-2025 का प्रारंभिक परीक्षा परिणाम दोबारा जारी करने का आदेश, हाईकोर्ट का बड़ा फैसला
 

 

प्रयागराज। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) को पीसीएस-2025 की प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम संशोधित कर दोबारा जारी करने का निर्देश दिया है। अदालत ने यह आदेश आरक्षित वर्ग के मेधावी अभ्यर्थियों को मेरिटोरियस रिजर्व कैटेगरी (एमआरसी) के तहत अनारक्षित श्रेणी में शामिल किए जाने का लाभ नहीं मिलने के मामले में दिया है।

न्यायमूर्ति मनीष कुमार निगम की एकल पीठ ने संजय कुमार समेत चार अभ्यर्थियों की ओर से दाखिल याचिका को स्वीकार करते हुए यह फैसला सुनाया।

अनारक्षित श्रेणी के कटऑफ से अधिक थे अभ्यर्थियों के अंक

याचिकाकर्ताओं का कहना था कि प्रारंभिक परीक्षा में उनके अंक अनारक्षित श्रेणी के कटऑफ से अधिक थे। इसके बावजूद आयोग ने उन्हें अनारक्षित श्रेणी में शामिल नहीं किया। अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि आयोग की ओर से उन्हें एमआरसी का लाभ नहीं दिया गया।

याचियों ने अदालत से मांग की थी कि अनारक्षित श्रेणी के कटऑफ से अधिक अंक हासिल करने वाले आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को उनकी मेरिट के आधार पर अनारक्षित श्रेणी में शामिल किया जाए।

आगे की चयन प्रक्रिया पर पड़ेगा असर

मामले की सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने आयोग को चयन प्रक्रिया नए सिरे से पूरी करने और प्रारंभिक परीक्षा का संशोधित परिणाम जारी करने का निर्देश दिया। अदालत के इस फैसले का असर यूपीपीसीएस-2025 की आगे की चयन प्रक्रिया पर भी पड़ेगा। अब आयोग को न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप परिणाम में संशोधन करना होगा।