यूपी के 26 जिलों में आज बारिश और 8 जिलों में हीटवेव का अलर्ट, 28 जून तक मानसून देगा दस्तक
उत्तर प्रदेश में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। कहीं तेज धूप और उमस लोगों को परेशान कर रही है तो कहीं बारिश और आंधी से राहत मिल रही है। गुरुवार तड़के प्रयागराज में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जबकि मेरठ में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। हालांकि सुबह से प्रदेश के अधिकांश जिलों में तेज धूप निकलने के कारण गर्मी और उमस का असर बढ़ गया है।
मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए 26 जिलों में बारिश और 8 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही कुछ इलाकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और आंधी चलने की संभावना जताई गई है।
28 जून तक यूपी में प्रवेश कर सकता है मानसून
प्रदेशवासियों के लिए राहत की खबर यह है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले दो से तीन दिनों में उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर सकता है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून बिहार सीमा से होते हुए गोरखपुर और महराजगंज के रास्ते 28 जून तक पूर्वी उत्तर प्रदेश में दस्तक दे सकता है।
इसके बाद 29 जून तक इसके लखनऊ पहुंचने और 1 से 2 जुलाई के बीच पूरे प्रदेश में सक्रिय होने की संभावना है। सामान्यतः मानसून 20 जून तक उत्तर प्रदेश पहुंच जाता है, लेकिन इस बार यह करीब आठ दिन की देरी से आ रहा है।
बांदा रहा सबसे गर्म जिला
पिछले 24 घंटों के दौरान बांदा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं वाराणसी, आजमगढ़, ललितपुर और जालौन में तेज बारिश हुई। आगरा में शाम के समय आई तेज आंधी के कारण सड़क किनारे खड़ी दो कारों पर बिजली का पोल गिर गया, जिससे वाहनों को नुकसान पहुंचा।
मौसम वैज्ञानिक ने क्या कहा?
लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून 23 जून को राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ चुका है। अगले दो से तीन दिनों में इसके गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड और बिहार के शेष भागों में सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी मानसून की एंट्री का रास्ता साफ हो रहा है।
अगले पांच दिनों का मौसम
26 जून: पूर्वी और पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहेगा। तापमान में बढ़ोतरी होगी।
27 जून: प्रदेशभर में गर्मी और उमस बनी रहेगी। पूर्वी यूपी में लू का असर देखने को मिल सकता है।
28 जून: पश्चिमी यूपी में मौसम साफ रहेगा, जबकि पूर्वी जिलों में बारिश की संभावना है।
29 जून: पूर्वी उत्तर प्रदेश में जोरदार बारिश के आसार हैं। पश्चिमी यूपी में हल्की बारिश हो सकती है।
30 जून: प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। पूर्वी यूपी में तेज आंधी और भारी बारिश देखने को मिल सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।