{"vars":{"id": "130921:5012"}}

यूपी में कक्षा 1 से 8 तक के छात्रों के लिए 36 करोड़ रुपये जारी, डीबीटी से मिलेगी मुफ्त स्कूल यूनिफॉर्म की राशि

 

लखनऊ। प्रदेश के परिषदीय एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए राज्य सरकार ने बड़ी राहत दी है। बेसिक शिक्षा विभाग ने कक्षा एक से आठवीं तक के छात्र-छात्राओं को निश्शुल्क स्कूल यूनिफॉर्म उपलब्ध कराने के लिए 36 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की है।

यह राशि प्रदेश में संचालित परिषदीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों के साथ ही अशासकीय सहायता प्राप्त प्राथमिक, उच्च प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों तथा सहायता प्राप्त मदरसों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को दी जाएगी। खास बात यह है कि इस योजना में गरीबी रेखा से ऊपर के पात्र विद्यार्थियों को भी शामिल किया गया है।

सरकार द्वारा जारी की गई धनराशि विद्यार्थियों के माता-पिता या अभिभावकों के आधार-सीडेड बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से सीधे भेजी जाएगी, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके और लाभार्थियों को समय पर सहायता मिल सके।

समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत निजी प्रबंध तंत्र और विभाग द्वारा अनुदानित विद्यालयों के छात्रों को भी इस योजना का लाभ मिलेगा। हालांकि शैक्षणिक सत्र के अंतिम चरण में धनराशि जारी की गई है, ऐसे में इसे आगामी सत्र की तैयारियों के रूप में देखा जा रहा है।

सरकार के इस निर्णय से लाखों विद्यार्थियों को लाभ मिलने की उम्मीद है और नए सत्र में उन्हें समय से यूनिफॉर्म उपलब्ध हो सकेगी।