2.5 करोड़ की कार से 45 रुपए का गमला चोरी; सीएम योगी बोले- ये चोरी का नया मॉडल
लखनऊ I Yogi Adityanath ने मंगलवार को लखनऊ में भाजपा मेयर के कार्यकाल के तीन साल पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम में विपक्ष पर जमकर हमला बोला। इस दौरान उन्होंने शहर में गमले चोरी की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि लोग ढाई करोड़ की कार से आकर 45 रुपए के गमले चुरा ले जाते हैं। सीएम ने इसे “चोरी का नया मॉडल” बताया।
सीएम योगी ने कहा, “हम गमले लगाते हैं, तो कोई कार से आता है और गमला उठाकर ले जाता है। जितना कार का तेल लग रहा है, उतने में नया गमला खरीदा जा सकता है। अब हर जगह सीसीटीवी लगे हैं, हम उससे देखते रहते हैं। पता चलता है कि ढाई करोड़ की कार से 45 रुपए के गमले चुराए जा रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि जनता के पैसे से शहर को सुंदर बनाया जा रहा है और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाना गलत है। सीएम ने कहा, “एक बार तो मेरे मन में आया कि गमला चोरी करने वालों की फोटो चौराहे पर लगवा दूं। जो पैसा खर्च हो रहा है, वह जनता का है, किसी नेता का निजी पैसा नहीं।”
413 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 413 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने वित्त मंत्री पर हल्के अंदाज में चुटकी लेते हुए कहा, “लखनऊ को स्वच्छता रैंकिंग में नंबर वन बनाने के लिए खन्ना जी नारेबाजी कर रहे हैं। 80-85 साल की उम्र में अगर वे नारे लगा सकते हैं, तो बाकी लोग काम भी कर सकते हैं।”
महिला सुरक्षा के लिए खतरा सपाई ही थे
सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि पहले महिला सुरक्षा के लिए खतरा सपा के लोग ही बने हुए थे। उन्होंने कहा कि पहले योजनाओं का लाभ सिर्फ एक परिवार तक सीमित था, लेकिन अब गरीबों और आम जनता तक योजनाओं का फायदा पहुंच रहा है।
उन्होंने कहा, “आज लखनऊ प्रदेश का सबसे बड़ा महानगर और सबसे बड़ा नगर निगम बन चुका है। हम नकारात्मक राजनीति का जवाब विकास से दे रहे हैं।”
पिछली सरकार के पाप के गड्ढों को हमने भरा
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों के भ्रष्टाचार और अव्यवस्था को सुधारने का काम उनकी सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि लखनऊ को स्वच्छता रैंकिंग में तीसरा स्थान मिला है और अब लक्ष्य शहर को देश में नंबर-1 बनाना है।
सीएम ने लोगों से अपील की कि घर का कूड़ा कूड़ेदान में डालें और सरकारी संपत्ति को नुकसान न पहुंचाएं।
सपा सरकार में लोग बिजली के तारों पर कपड़े सुखाते थे
ऊर्जा संकट और बिजली व्यवस्था को लेकर भी मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले बिजली की स्थिति इतनी खराब थी कि लोग तारों पर कपड़े सुखाते थे और बिजली दिन-रात के हिसाब से आती थी।
उन्होंने कहा कि 2017 में प्रदेश में 5 से 6 हजार मेगावाट बिजली की पीक डिमांड थी, जो अब बढ़कर 32 से 33 हजार मेगावाट तक पहुंच गई है। इसके बावजूद सरकार लगातार बिजली व्यवस्था बेहतर करने में जुटी है।
प्रेरणा स्थल से भी चोरी हुए थे गमले
सीएम ने जिस गमला चोरी का जिक्र किया, वह घटना करीब पांच महीने पहले की है। 25 दिसंबर को प्रधानमंत्री के लखनऊ दौरे के दौरान राष्ट्र प्रेरणा स्थल को फूलों और गमलों से सजाया गया था। कार्यक्रम खत्म होने के कुछ घंटे बाद ही कई लोग कार और स्कूटी से गमले उठाकर ले गए थे। बाद में प्रशासन ने वहां से सभी गमले हटवा दिए थे।
सपा, बसपा और कांग्रेस के एजेंडे में किसान-युवा नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्षी दलों के एजेंडे में न किसान थे, न महिलाएं और न ही युवा। इसी वजह से वे असफल रहे। उन्होंने दावा किया कि अब उत्तर प्रदेश की पहचान विकास और सुशासन से हो रही है।