{"vars":{"id": "130921:5012"}}

UP में अग्निवीर भर्ती रैली का शेड्यूल जारी, 6 शहरों में होगी भर्ती
 

 

लखनऊ। भारतीय सेना में अग्निवीर बनने का इंतजार कर रहे उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए बड़ी खबर है। प्रदेश में तीसरी अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन छह शहरों में किया जाएगा। भर्ती रैलियों की शुरुआत 17 अगस्त 2026 से मेरठ में होगी और यह सिलसिला 14 अप्रैल 2027 तक चलेगा।

अग्निवीर भर्ती रैली की तैयारियों को लेकर सोमवार को लखनऊ स्थित लोक भवन में मुख्य सचिव एसपी गोयल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में भर्ती स्थलों पर अभ्यर्थियों की सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

मुख्य सचिव ने कहा कि भर्ती के दौरान अभ्यर्थियों को किसी भी स्तर पर असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।

अभ्यर्थियों के लिए इन व्यवस्थाओं पर जोर

भर्ती स्थलों पर अभ्यर्थियों के आवागमन, ठहरने, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा, सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों से कहा गया है कि व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जाए और भर्ती शुरू होने से पहले सभी कमियों को दूर किया जाए।

भर्ती प्रक्रिया के दौरान किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त चिकित्सकीय और आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध रखने को कहा गया है। इसके साथ ही कानून-व्यवस्था और यातायात को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को पहले से कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

छह शहरों में इस तारीख से होंगी भर्ती रैलियां

  • मेरठ: 17 अगस्त से 9 सितंबर 2026
  • बरेली: 14 सितंबर से 30 सितंबर 2026
  • लखनऊ: 11 जनवरी से 28 जनवरी 2027
  • वाराणसी: 2 फरवरी से 27 फरवरी 2027
  • आगरा: 4 मार्च से 24 मार्च 2027
  • अयोध्या: 29 मार्च से 14 अप्रैल 2027

बैठक में सचिव सामान्य प्रशासन अभिषेक प्रकाश, लखनऊ के पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा समेत भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बरेली, लखनऊ, वाराणसी, आगरा, अयोध्या और मेरठ के जिलाधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।

बड़ी संख्या में युवाओं के भर्ती रैलियों में पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। भर्ती स्थलों पर व्यवस्था सुचारु रखने के लिए संबंधित विभागों को पहले से सभी जरूरी इंतजाम पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं।