17 सितंबर से UP में शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, गांव-गांव पहुंचेगी योगी सरकार की जनसेवा मुहिम
लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर योगी सरकार उत्तर प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। एक महीने तक चलने वाले इस अभियान के तहत प्रदेश के गांवों से लेकर महानगरों तक जनसेवा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण, सामाजिक सरोकार और राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सरकार की कोशिश अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रमों तक सीमित रखने के बजाय इसमें व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने की है। अभियान के प्रभावी संचालन की जिम्मेदारी उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय को दी गई है।
17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ से होगी शुरुआत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के साथ अभियान का आगाज होगा। ग्राम पंचायतों से लेकर शहरी क्षेत्रों तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण भी वितरित किए जाएंगे।
अभियान के दौरान ‘नमो सेवा गाथा’, ‘करोड़ों बच्चों के सपनों का भारत’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘वडनगर से वाराणसी यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘इनोवेशन चैलेंज’ और ‘जनसेवा महाकुंभ’ समेत कई कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।
स्वच्छता, वृक्षारोपण और रक्तदान पर जोर
‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत प्रदेशभर में स्वच्छता अभियान और वृक्षारोपण कार्यक्रम चलाए जाएंगे। घाटों, पार्कों और गोशालाओं की सफाई एवं सौंदर्यीकरण के साथ रक्तदान शिविर भी आयोजित होंगे।
वहीं ‘आरोग्य मेलों’ के माध्यम से लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श और जरूरी दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। बच्चों और युवाओं को नवाचार तथा राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के लिए भी विशेष कार्यक्रम होंगे।
7 अक्टूबर को हर जिले में निकलेगी ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’
अभियान के तहत 7 अक्टूबर को प्रदेश के सभी जिलों में ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ निकाली जाएगी। इस दौरान नागरिकों को वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का सामूहिक संकल्प दिलाया जाएगा। विभिन्न स्थानों पर बड़ी स्क्रीन लगाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का प्रसारण भी किया जाएगा।
गांव से शहर तक पहुंचेगा अभियान
योगी सरकार अभियान को जिला मुख्यालयों तक सीमित रखने के बजाय न्याय पंचायत, ग्राम पंचायत और नगरीय क्षेत्रों तक पहुंचाने की तैयारी कर रही है। ‘नमो सेवा गाथा’ के जरिए प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न क्षेत्रों में हुए बदलावों की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
अभियान के प्रदेश प्रभारी योगेंद्र उपाध्याय जल्द संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। बैठक में विभागवार जिम्मेदारियां तय करने के साथ महीनेभर चलने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी। सरकार का लक्ष्य ‘सेवा संकल्प अभियान’ को जनसेवा, सामाजिक सहभागिता और ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प से जोड़ने वाला प्रदेशव्यापी अभियान बनाना है।