हरदोई में सार्वजनिक सभा में भगवान राम पर आपत्तिजनक टिप्पणी, सपा प्रदेश सचिव गिरफ्तार
हरदोई। जिले के हरपालपुर क्षेत्र में एक सार्वजनिक सभा के दौरान सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में सपा के प्रदेश सचिव यदुनंदन लाल वर्मा द्वारा भगवान श्रीराम, माता कौशल्या और हिंदू धार्मिक ग्रंथों पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के बाद शुक्रवार को जिलेभर में हिंदूवादी संगठनों का गुस्सा फूट पड़ा। उग्र प्रदर्शन और शांति व्यवस्था बिगड़ने के डर से हरपालपुर कोतवाली पुलिस ने तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर यदुनंदन को गिरफ्तार कर लिया।
प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार पंकज ने बताया कि यदुनंदन लाल वर्मा को अदालत में पेश करने के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। वीडियो हरपालपुर क्षेत्र के कनत्थूखेड़ा गांव का बताया जा रहा है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं हो सका कि यह कब का है।
सपा जिलाध्यक्ष शराफत अली ने इस घटना पर खेद जताते हुए कहा कि हिंदू देवी-देवताओं पर इस तरह के बयान से शर्मिंदगी होती है। उन्होंने बताया कि यदुनंदन की पार्टी की प्राथमिक सदस्यता समाप्त कर दी गई है और इस मामले में कार्रवाई के लिए प्रदेश संगठन को पत्र लिखा गया है।
वायरल वीडियो में यदुनंदन केवल भगवान श्रीराम और माता कौशल्या पर ही नहीं, बल्कि हिंदू धार्मिक ग्रंथों पर भी भ्रामक और अभद्र टिप्पणी करते दिख रहे हैं। वीडियो वायरल होते ही जिलेभर में हिंदूवादी संगठनों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, यदुनंदन लाल वर्मा 2008 में भाजपा के टिकट पर विधानसभा का चुनाव लड़ चुके हैं। इसके पहले उन्होंने बसपा के टिकट पर भी दो बार चुनावी मुकाबला किया था। पुलिस ने पहले उनके पुत्र अनिरुद्ध मित्र लोधी को हिरासत में लेकर कोतवाली लाया था।