{"vars":{"id": "130921:5012"}}

सपा का ‘PDA प्रणपत्र’ जारी, युवाओं को 5000 भत्ता और महिलाओं को 40 हजार पेंशन का वादा
 

 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर पार्टी का चुनावी घोषणापत्र जारी किया। ‘जन-मन का मैनिफेस्टो’ और ‘पीडीए का प्रणपत्र’ नाम से जारी इस दस्तावेज में युवाओं, महिलाओं, किसानों, शिक्षकों, कर्मचारियों और वंचित वर्गों के लिए कई बड़े वादे किए गए हैं।

घोषणापत्र जारी करते हुए अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “अच्छे दिन आने वाले हैं और बुरे दिन जाने वाले हैं। वे जानते हैं कि अब जा रहे हैं, इसलिए उनकी भाषा बदल गई है।” उन्होंने महिलाओं से जुड़े मुद्दों और उनकी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अलग से घोषणापत्र जारी करने की बात भी कही।

देश संविधान से चलेगा, मन-विधान से नहीं

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि कुछ शक्तियां समीक्षा और पुनर्विचार के नाम पर संविधान को बदलने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने कहा कि संविधान शोषित और वंचित वर्गों के लिए सुरक्षा कवच है और इसकी रक्षा के लिए सभी संविधान समर्थकों को एकजुट रहना होगा।

सपा अध्यक्ष ने कहा, “हमारा देश संविधान से चलेगा, मन-विधान से नहीं।” उन्होंने आरक्षण और सामाजिक समानता के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि जितनी पीड़ा बढ़ेगी, उतना ही पीडीए बढ़ेगा।

पांच साल में 25 लाख सरकारी नौकरियों का वादा

समाजवादी पार्टी ने पांच वर्षों में 25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का वादा किया है। अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार बनने पर पहली कैबिनेट बैठक में ही 10 लाख सरकारी पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

इसके अलावा अन्य क्षेत्रों में दो से तीन करोड़ युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की बात कही गई है। रोजगार मिलने तक बेरोजगार युवाओं को प्रतिमाह पांच हजार रुपये बेरोजगारी भत्ता देने और 12वीं पास विद्यार्थियों को लैपटॉप उपलब्ध कराने का भी वादा किया गया है।

बंद विद्यालय खोलने और पुरानी पेंशन बहाल करने का वादा

अखिलेश यादव ने कहा कि शिक्षा, शिक्षक और शिक्षार्थी का गौरव बहाल करने के लिए बंद किए गए विद्यालयों को दोबारा खोला जाएगा। शिक्षामित्रों और अनुदेशकों को शिक्षकों के बराबर वेतन देने की दिशा में काम किया जाएगा।

इसके साथ ही आशा, आंगनबाड़ी, संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को सम्मानजनक वेतन एवं समायोजन का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा। सपा ने पुरानी पेंशन योजना लागू करने का भी भरोसा दिलाया है।

बुजुर्ग महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये पेंशन

सपा ने बुजुर्ग महिलाओं को प्रतिवर्ष 40 हजार रुपये पेंशन देने की घोषणा की है। वरिष्ठ नागरिकों की सुविधाओं के लिए वृद्धाश्रम और क्लब स्थापित करने की बात भी घोषणापत्र में शामिल है।

अखिलेश यादव ने जातिगत जनगणना कराने और दलितों के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में दलित विकास परिषद गठित करने का वादा किया। इसके अलावा 50 करोड़ रुपये तक के सरकारी ठेकों में दलितों और पीडीए वर्ग के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण देने की बात कही गई है।

किसानों की कर्जमाफी, 24 घंटे में गन्ने का भुगतान

समाजवादी पार्टी ने किसानों की कर्जमाफी के साथ फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी देने का वादा किया है। घोषणापत्र में 23 फसलों और दूध के लिए एमएसपी की गारंटी तथा फसल नुकसान की स्थिति में मूल्य क्षतिपूर्ति की व्यवस्था करने की बात कही गई है।

गन्ना किसानों का भुगतान 24 घंटे के भीतर सुनिश्चित करने के लिए 15 हजार करोड़ रुपये का कॉर्पस फंड बनाने का भी वादा किया गया है।
ग्रामीण विकास पर खर्च होंगे डेढ़ लाख करोड़ रुपये

सपा ने ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए डेढ़ लाख करोड़ रुपये की व्यवस्था करने का वादा किया है। इसके तहत न्यू विलेज क्लस्टर स्थापित करने और प्रदेश के नियोजित विकास पर जोर दिया जाएगा। तहसील स्तर तक फोरलेन सड़कों का विस्तार करने की बात भी कही गई है।

अखिलेश यादव ने अपनी पूर्ववर्ती सरकार के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए लखनऊ के गोमती रिवरफ्रंट, हाईकोर्ट भवन और लुलु मॉल का भी जिक्र किया।

पांच रुपये में भोजन, गरीबों को मुफ्त इलाज

घोषणापत्र में समाजवादी कैंटीन स्थापित कर पांच रुपये में भोजन उपलब्ध कराने का वादा किया गया है। पीडीए और गरीब वर्ग के लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के साथ मुफ्त दवा, भोजन और रहने की सुविधा उपलब्ध कराने की बात भी कही गई है।

इसके अलावा कैंसर संस्थान को पूरी तरह संचालित करने, शोध कार्य शुरू कराने और गरीब मरीजों का मुफ्त इलाज सुनिश्चित करने का भरोसा दिया गया है।

जमीनों पर अवैध कब्जे रोकने के लिए बनेगी विशेष एसटीएफ

अखिलेश यादव ने प्रदेश में जमीनों पर अवैध कब्जे रोकने के लिए अलग विशेष एसटीएफ गठित करने का वादा किया। उन्होंने कहा कि यह टीम जमीन से जुड़े विवादों पर काम करेगी और गरीबों, दलितों तथा अल्पसंख्यकों की जमीनों को अवैध कब्जे से बचाने के लिए कार्रवाई करेगी।

उन्होंने भाजपा सरकार के कार्यकाल में भूमाफियाओं की सक्रियता बढ़ने का आरोप भी लगाया।

अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा

सपा अध्यक्ष ने कहा कि सरकार बनने पर गुंडागर्दी, माफियागिरी, अवैध वसूली, जमीनों पर कब्जे और महिलाओं के खिलाफ अपराधों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अपराधी किसी भी जाति, धर्म या राजनीतिक दल से जुड़ा हो, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

सपा के 'पीडीए प्रणपत्र' की प्रमुख घोषणाएं
- पांच वर्षों में 25 लाख सरकारी नौकरियां।
- पहली कैबिनेट बैठक में 10 लाख पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का वादा।
- अन्य क्षेत्रों में दो से तीन करोड़ रोजगार के अवसर।
- बेरोजगार युवाओं को प्रतिमाह 5,000 रुपये भत्ता।
- बुजुर्ग महिलाओं को सालाना 40,000 रुपये पेंशन।
- 12वीं पास विद्यार्थियों को लैपटॉप।
- किसानों की कर्जमाफी और एमएसपी की कानूनी गारंटी।
- गन्ना किसानों को 24 घंटे में भुगतान।
- पुरानी पेंशन योजना लागू करने का वादा।
- शिक्षामित्रों और अनुदेशकों को समान वेतन देने की दिशा में काम।
- समाजवादी कैंटीन में पांच रुपये में भोजन।
- ग्रामीण विकास के लिए डेढ़ लाख करोड़ रुपये।
- सरकारी ठेकों में पीडीए वर्ग को 50 प्रतिशत आरक्षण।
- जातिगत जनगणना और दलित विकास परिषद का गठन।
- गरीबों को मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं।
- जमीनों पर अवैध कब्जे रोकने के लिए विशेष एसटीएफ।