{"vars":{"id": "130921:5012"}}

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर झूठा आरोप लगाने को कहा गया, शाहजहांपुर के पत्रकार का बड़ा खुलासा
 

 

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर निवासी पत्रकार रमाशंकर दीक्षित सोमवार देर शाम केदारघाट स्थित श्रीविद्या मठ पहुंचे और शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के खिलाफ एफआईआर की अर्जी देने वाले आशुतोष पांडेय पर गंभीर आरोप लगाए।

रमाशंकर दीक्षित ने दावा किया कि आशुतोष पांडेय ने उन्हें फोन कर दबाव बनाया और शंकराचार्य को फंसाने के लिए झूठे आरोप लगाने को कहा। उनके अनुसार, आशुतोष ने यह आरोप लगाने के लिए कहा कि बद्रीनाथ में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने एक बच्ची का यौन शोषण किया था और इसके बदले आर्थिक सहयोग देने का आश्वासन भी दिया। रमाशंकर ने कहा कि उन्होंने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया क्योंकि उनके पिता दंडी संन्यासी थे और उनकी आत्मा इस प्रकार के झूठे आरोप लगाने की अनुमति नहीं देती।

रमाशंकर के मुताबिक, मना करने पर आशुतोष ने उन्हें धमकी दी और कहा कि यदि वे साथ नहीं देंगे तो उनके पास अन्य रास्ते भी हैं।

इधर, केदारघाट स्थित श्रीमठ में पत्रकारों से बातचीत के दौरान स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताया और निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि मामले की जांच उत्तर प्रदेश पुलिस के बजाय किसी गैर-भाजपा शासित राज्य की पुलिस से कराई जानी चाहिए, क्योंकि जनता का विश्वास यूपी पुलिस पर नहीं है।

शंकराचार्य ने कहा कि वे जांच में पूरा सहयोग करने को तैयार हैं और चाहते हैं कि जांच शीघ्र शुरू हो, ताकि सच्चाई सामने आए और झूठे आरोप लगाने वाले बेनकाब हों।