{"vars":{"id": "130921:5012"}}

चच्चू शिवपाल को संभालिए, वरना सत्ता में नहीं आने देंगे: ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर हमला
 

 

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव के एक बयान को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। राजभर ने अखिलेश यादव को सलाह देते हुए कहा कि उन्हें अपने ‘चच्चू’ शिवपाल यादव को संभाल लेना चाहिए, नहीं तो वह उन्हें कभी सत्ता में आने नहीं देंगे।

ओपी राजभर ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए शिवपाल यादव के बयान पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर शिवपाल यादव अपने लोगों के मुकदमे वापस लेने और वरिष्ठ नेता आजम खान को गृह मंत्री बनाने की बात कर रहे हैं। राजभर ने सवाल उठाया कि जिस व्यक्ति को सजा हो चुकी है, वह चुनाव कैसे लड़ सकता है और मंत्री कैसे बन सकता है।

राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के पीडीए को अपराध के लिए बढ़ावा देने जैसी बातें सामने आ रही हैं। उन्होंने अखिलेश यादव को ‘विभीषण’ की कहानी पढ़ने की सलाह देते हुए कहा कि यह बहुत सीख देने वाला पात्र है।

कैबिनेट मंत्री ने अपने दफ्तर में गुंडा भेजे जाने के लगाए गए आरोपों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जांच में यह भी सामने आ सकता है कि उनके कार्यालय में गुंडा भेजने के पीछे ‘चाचा’ का हाथ हो।

ओपी राजभर ने अपने पोस्ट के अंत में सपा पर राजनीतिक तंज कसते हुए कहा कि कलयुग के रावण की लंका में आग भी लगेगी और उसका जरिया विभीषण ही बनेगा। उन्होंने पोस्ट में अखिलेश यादव को टैग करते हुए ‘जय भारत, जय श्रीराम, जय श्रीकृष्ण और महाराज सुहेलदेव’ लिखा।

शिवपाल यादव ने क्या कहा था?

दरअसल, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव बुधवार को वरिष्ठ नेता मोहम्मद आजम खान और उनके छोटे बेटे अब्दुल्ला आजम खान से मिलने रामपुर जेल पहुंचे थे। करीब एक घंटे की मुलाकात के बाद शिवपाल यादव आजम खान की पत्नी से मिलने उनके घर भी गए।

इसके बाद वह आजम खान के बड़े बेटे अदीब आजम खान के साथ जौहर विश्वविद्यालय पहुंचे। यहां शिवपाल यादव ने कहा था कि अगर उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो आजम खान को गृह मंत्री बनाया जाएगा।