{"vars":{"id": "130921:5012"}}

योगी सरकार का नया आदेश, छुट्टियों में भी जिले से बाहर नहीं जा सकेंगे शिक्षक
 

 

लखनऊ। प्रदेश में जून और जुलाई के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न बड़ी भर्ती परीक्षाओं को देखते हुए माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों और कर्मचारियों के जिला मुख्यालय छोड़ने पर रोक लगा दी गई है। इस संबंध में कई जिलों के जिला विद्यालय निरीक्षकों (डीआईओएस) ने आदेश जारी कर दिए हैं।

जारी निर्देशों के अनुसार, बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग से जुड़े शिक्षक, प्रधानाचार्य और शिक्षणेत्तर कर्मचारी गर्मी की छुट्टियों के दौरान भी बिना अनुमति जिले से बाहर नहीं जा सकेंगे। यदि किसी को आवश्यक या आपात स्थिति में बाहर जाना हो, तो इसके लिए जिला विद्यालय निरीक्षक से पूर्व में लिखित अनुमति लेना अनिवार्य होगा।

दरअसल, जून और जुलाई में प्रदेश में कई महत्वपूर्ण भर्ती एवं प्रवेश परीक्षाएं प्रस्तावित हैं। इनमें लेखपाल मुख्य परीक्षा, सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा, बीएड प्रवेश परीक्षा, आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा, राजकीय इंटर कॉलेज प्रवक्ता भर्ती परीक्षा और यूपीटीईटी जैसी बड़ी परीक्षाएं शामिल हैं। इन परीक्षाओं के सफल संचालन के लिए शिक्षकों की ड्यूटी कक्ष निरीक्षक सहित अन्य जिम्मेदारियों में लगाई जाएगी।

परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार, 21 मई को लेखपाल मुख्य परीक्षा, 24 मई को सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा, 31 मई को बीएड प्रवेश परीक्षा, तीन और चार जून को प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक परीक्षा, आठ से 10 जून तक पुलिस भर्ती परीक्षा, 14 जून को जीआईसी प्रवक्ता परीक्षा तथा दो से चार जुलाई तक यूपीटीईटी परीक्षा आयोजित की जाएगी।

माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. महेंद्र देव ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई शिक्षक या कर्मचारी बिना अनुमति जिला मुख्यालय छोड़ता है, तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी संबंधित कर्मचारियों को यात्रा से पूर्व लिखित सूचना देना भी अनिवार्य किया गया है।