UP की 57,694 ग्राम पंचायतों में प्रशासकों का कार्यकाल 6 माह बढ़ा, शासन ने जारी किया आदेश
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की ग्राम पंचायतों में नियुक्त प्रशासकों का कार्यकाल छह महीने के लिए बढ़ा दिया गया है। शासन का यह आदेश शुक्रवार से प्रभावी हो गया है। अब प्रशासक अगले छह माह तक अथवा राज्य स्थानीय ग्रामीण निकाय समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट आने तक ग्राम पंचायतों की जिम्मेदारी संभालेंगे। दोनों में से जो स्थिति पहले बनेगी, उसके आधार पर यह व्यवस्था समाप्त हो जाएगी।
इस फैसले के तहत प्रदेश की 57,694 ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों और सामान्य प्रशासनिक गतिविधियों का संचालन प्रशासकों के माध्यम से जारी रहेगा।
निवर्तमान ग्राम प्रधानों को सौंपी गई थी जिम्मेदारी
पंचायती राज विभाग के प्रमुख सचिव रविंदर की ओर से जारी आदेश के अनुसार, ग्राम पंचायतों का कार्यकाल 26 मई 2026 को समाप्त हो गया था। इसके बाद शासन ने निवर्तमान ग्राम प्रधानों को प्रशासक नियुक्त करते हुए छह महीने तक पंचायतों के सामान्य कामकाज और विकास कार्यों के संचालन की जिम्मेदारी सौंपी थी।
पंचायत राज अधिनियम में किया गया संशोधन
प्रदेश सरकार ने 23 नवंबर को उत्तर प्रदेश पंचायत राज (संशोधन) अध्यादेश जारी किया था। इसके तहत अधिनियम की संबंधित धारा में संशोधन करते हुए प्रावधान किया गया है कि लोकहित अथवा अपरिहार्य परिस्थितियों में निर्धारित समय पर पंचायत चुनाव कराना संभव नहीं होने पर राज्य सरकार प्रशासनिक समिति या प्रशासक नियुक्त कर सकती है।
प्रशासकों का कार्यकाल छह माह निर्धारित किया गया है, जिसे आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त छह माह अथवा पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट आने तक बढ़ाया जा सकता है।
शासन के इस निर्णय का उद्देश्य पंचायत चुनाव संपन्न होने और नई ग्राम पंचायतों के गठन तक ग्रामीण क्षेत्रों में विकास योजनाओं एवं प्रशासनिक कार्यों का निर्बाध संचालन सुनिश्चित करना है।