{"vars":{"id": "130921:5012"}}

UP में शिक्षकों की बड़ी भर्ती का रास्ता साफ, 24 हजार पदों पर जल्द विज्ञापन

 

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में लंबे समय से प्रतीक्षित शिक्षक भर्तियों को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने लंबित भर्तियों की परीक्षा तिथियां घोषित करने की प्रक्रिया के साथ-साथ नई शिक्षक भर्तियों का रास्ता भी साफ कर दिया है। इसके लिए ई-अधियाचन पोर्टल का परीक्षण संबंधित विभागों द्वारा सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है।

उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. बीएल शर्मा ने यूजर एक्सेप्टेंस टेस्टिंग (यूएटी) पर हस्ताक्षर कर दिए हैं, जबकि आयोग भी जल्द ही इस प्रक्रिया को पूर्ण कर पोर्टल को कार्मिक विभाग के पास भेजेगा। इसके बाद एनआईसी द्वारा पोर्टल को लाइव किया जाएगा। पोर्टल के सक्रिय होते ही 24 हजार से अधिक शिक्षक पदों की रिक्तियां ऑनलाइन अपलोड कर दी जाएंगी।

यह भर्तियां एडेड महाविद्यालयों, माध्यमिक विद्यालयों, जूनियर हाईस्कूल, प्राइमरी स्कूल, अल्पसंख्यक कॉलेज, अटल आवासीय विद्यालयों और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में विभिन्न पदों के लिए की जाएंगी। इनमें असिस्टेंट प्रोफेसर, प्राचार्य, पीजीटी, टीजीटी और सहायक अध्यापक जैसे पद शामिल हैं।

उच्च शिक्षा निदेशालय के अनुसार, एडेड महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के लगभग 1000 और प्राचार्य के 174 पदों का अधियाचन प्राप्त हो चुका है। वहीं माध्यमिक शिक्षा में प्रधानाचार्य के करीब 1500, प्रधानाध्यापक के 1000, पीजीटी के 2700, टीजीटी के 16,100 से अधिक और सहायक अध्यापक के 1889 पदों की रिक्तियां सामने आई हैं।

आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार के निर्देशन में तैयार किया गया यह पोर्टल भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी बनाएगा। उन्होंने कहा कि जैसे ही विभागों से ई-अधियाचन प्राप्त होगा, परीक्षा तिथियों की घोषणा कर दी जाएगी, जिससे अभ्यर्थी अपनी तैयारी बेहतर ढंग से कर सकें।